ओडिशा: रेत माफिया का खुलासा करने वाले पत्रकार पर जानलेवा हमला
रेत माफिया पर ख़बर लिखने के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थी.
ओडिशा के बालासोर में एक उडिया दैनिक पत्रकार के ऊपर रेत माफिया ने बीते बुधवार की रात हमला कर दिया. इस हमले में पत्रकार बुरी तरह से जख़्मी हो गया.
मीडिया विज़िल के ख़बर के अनुसार, बुधवार की रात पत्रकार प्रताप पात्रा दफ़्तर से घर वापस आ रहे थे. रात के क़रीब 9 बजे उनपर धारदार हथियार से हमला किया गया. हेलमेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गयी. लेकिन, हमला इतना प्रभावी था कि हेलमेट टूट गया और सीर फट गया.
इसके साथ ही हमलावर ने लूटपाट करते हुए उनका मोबाइल फोन और सोने की चेन लेकर फरार हो गया. प्रताप ने हमलावरों की पहचान रेत माफिया के रूप में की है.
दरअसल, प्रताप ने कुछ दिनों पहले रेत माफिया पर स्टोरी की थी. पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार स्टोरी करने के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थी.
मीडिया विज़िल के अनुसार, प्रताप ने स्थानीय प्रेस को हमलावरों की पहचान बतायी साथ ही उनकी सूची पुलिस को सौंप दी है.
हालांकि, इस मामले में पुलिस ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है. लेकिन, जांच जारी है.