नितीश राज: सुशासन बाबू के राज में तालाब में तब्दील हो रहे अस्पताल, आईसीयू में तैर रहीं मछलियां
दो दिनों की तेज़ बारिश में एनएमसीएच में घुसा पानी, पानी भरे अस्पताल में ही मरीजों का चल रहा है इलाज
कुछ दिन पहले शिवराज सरकार में एक सरकारी अस्पताल की तस्वीर वायरल हुई थी जिसमें मरीज बारिश से बचने के लिए अस्पताल में छाता लगाए दिखे। अब सुशासन बाबू के राज से सनसनीखेज तस्वीरें सामने आयी हैं। बिहार में दो दिनों की तेज बारिश में ही अस्पताल मछली घर में तबदील हो गया है। अस्पताल में पानी भर गया और आईसीयू में मछलियां तैरने लगीं। यानि विकास पुरुष का विकास अस्पताल में ही मछली बेचने लगा है।
गौरतलब है कि बिहार में दो दिनों से तेज बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण पटना के बड़े अस्पतालों मे शामिल नालंदा मेडिकल कॉलेज की हालत बहुत ही भयावह हो गई है। अस्पताल के सबसे संवेदशील जगह आईसीयू में भी पानी घुस गया। यही नहीं आईसीयू में मछलियां भी तैरती दिखीं। मरीज़ों का इलाज पानी भरे आईसीयू वार्ड में होता रहा।
नवभारत टाइम्स के अनुसार बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय से जब इस गंभीर मसले पर सवाल किया गया तो वो जवाब देने से कतराते दिखे। मंगल पांडेय अपने पार्टी के कार्यक्रम में हिस्सा लेने शिमला पहुंचे हुए हैं। जब मीडियाकर्मियों ने वहां सवाल पूछा तो जवाब देने के जगह टाल-मटोल करते हुए आगे निकल गए।
पटना शहर में यह हर साल की स्थिति है। थोड़ी बारिश में ही शहर का हाल खस्ता हो जाता है और नगरीय प्रशासन की तैयारियों का सच सामने आ जाता है।