फिर से पाला बदलेंगे नीतीश कुमार? साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को BJP से बर्ख़ास्त करने की रखी मांग
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने विवादित बयान देते हुए महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था.
बिहार के मुख्यमंत्री और एनडीए के सहयोगी दल जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने भोपाल से भाजपा की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को भारतीय जनता पार्टी से बर्ख़ास्त करने की मांग की है. साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था. नीतीश कुमार ने कहा है कि ऐसे बयानों को वे बिल्कुल सहन नहीं करेंगे.
एबीपी न्यूज़ के मुताबिक रविवार को पटना में मतदान करने के बाद मीडिया से मुखातिब नीतीश कुमार ने ये बातें कही. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को ऐसे बयानों (नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया जाने वाला साध्वी प्रज्ञा के बयान) पर विचार करना चाहिए, हम ऐसे बयानों की भर्त्सना करते हैं.
नीतीश कुमार ने कहा है कि यह देश बापू राष्ट्र है और यहां अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से समझौता नहीं किया जा सकता. उन्होंने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की मांग की है.
इसके साथ ही नीतीश कुमार ने लोकसभा चुनाव को लंबा खिंचे जाने की भी निंदा की है. ऐसा कहा जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी को बहुमत ना मिलने की स्थिति में नीतीश कुमार एक बार फिर से अपना पाला बदल सकते हैं. 2015 में नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल के साथ मिलकर विधानसभा का चुनाव लड़ा था.
बता दें कि मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर जमानत पर जेल से बाहर हैं. भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस के बड़े नेता दिग्विजय सिंह के ख़िलाफ़ चुनाव मैदान में उतारा है. हाल ही में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने विवादित बयान देते हुए महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था. इससे पहले साध्वी प्रज्ञा, मुंबई हमले में शहीद हेमंत करकरे के ख़िलाफ़ भी ज़हर उगल चुकी हैं.