May a good source be with you.

“बात करोड़ों की, दुकान पकौड़ों की और संगत भगोड़ों की”, पढ़ें नवजोत सिंह सिद्धु के सबसे मज़ेदार तंज

“विश्व गुरू बनने चले थे मोदी जी लेकिन बन गये चोर चौकीदार.”

लोकसभा चुनाव में विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है. ऐसे में यदि कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धु की बात करें तो भाजपा पर तंज कसने का सिद्धु का एक अलग अंदाज़ होता है.

आप यहां नवजोत सिंह सिद्धु के अब तक के मोदी सरकार पर कसे गए कुछ सबसे मज़ेदार तंज  यहां पर मौजूद है. जिसमें सिद्धु ने मोदी सरकार को रोजगार, किसान, मेक इन इंडिया, राफेल, नोटबंदी और कई अन्य मुद्दों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है.

कांग्रेस के चार गांधी और भाजपा के तीन मोदी

“कांग्रेस ने देश को चार गांधी दिया, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी. लेकिन, भाजपा ने देश को तीन मोदी दिया, नीरव मोदी, ललित मोदी (जो देश का पैसा लूटकर विदेश भाग गये) और तीसरा मोदी अंबानी की गोद में बैठा है.”

हर गली में मोबाइल चलाता बेरोजगार

“ना राम मिला, ना रोज़गार मिला, बस हर गली में मोबाइल चलाता बेरोज़गार मिला… नोटबंदी होने की वजह से 50 लाख जॉब गए. एनएसएसओ कहता है कि एक साल में एक करोड़ 10 लाख नौकरियां गईं. 45 साल में यह सबसे अधिक है. अभी भी 25 लाख नौकरियां पड़ी हैं.”

“यूपीएससी की रिक्रूटमेंट में 40 प्रतिशत की कमी आई हैं. इंटरनेशनल लेबर ऑर्गेनाइजेशन (आईएलओ) के मुताबिक सिर्फ 8.23 लाख नौकरियां ही मिल पाई हैं और आपने कहा था कि 5 साल में 10 करोड़ नौकरियां मिलेंगी. ”

मोदी के ख़ोखले वादे और राहुल का सच

“मोदी जी ने कहा, लोकपा, किसानों के लिए स्वामीनाथन रिपोर्ट, वन रैंक वन पेंशन होगा. कुछ भी नहीं हुआ. मोदी के वायदे बांस की तरह बड़े लेकिन खोखले साबित हुए. वहीं, राहुल गांधी ने जो कहा वो किया. राहुल ने गन्ने की तरह छोटे वायदे जो अंदर से भी मीठा और बाहर से भी मीठा था.”

बन बैठे हो चौकीदार और देश में मचा है हाहाकार

“जीएसटी और नोटबंदी ले बैठा छोटा दुकान को, कर्जा ले बैठा किसान को, नशा ले बैठा नौजवान को और लोग 15 लाख का आज भी इंतजार कर रहे है. देश का चौकीदार बैठा है और किसान ख़ुदकुशी कर रहा है, नौजवान नशा कर रहा है, बेरोजगार रोजगार तलाश रहा है.”

किसानों की कर्ज माफी

“मध्य प्रदेश, राजस्थान, छतीसगढ़ में कांग्रेस सरकार बनते ही 50 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया. इससे पहले मनमोहन सिंह ने 72000 किसानों का कर्जा माफ किया था. मोदी सरकार ने क्या किया सिर्फ किसानों को लूटा और बर्बाद किया.”

देश का चौकीदार चोर है

“देश का चौकीदार बात करोड़ों की करता है, दुकान पकौड़ो की लगाता है और संगत भगोड़ो की रखता है. यह कैसा चौकीदार है. अंधों की नगरी में आईना ख़रीद रहे हैं. शहर के सभी चोर कहते हैं हम भी चौकीदार है. विश्व गुरू बनने चले थे मोदी जी लेकिन बन गये चोर चौकीदार.”

हिंदुस्तान बना रहा है चोर चौकीदार

“चीन समंदर के नीचे रेल लाइन बिछा रहा है. अमेरिका मंगल ग्रह पर जीवन ख़ोज रहा है. रूस रोबोट की सेना तैयार कर रहा है और हिंदुस्तान चोर चौकीदार बना रहा है.”

मोदी के राज में लोकतंत्र को ख़तरा

“मोदी सरकार ने लोकतंत्र को गुंडातंत्र, भयतंत्र, डंडातंत्र और ट्रोलतंत्र बना दिया है. संस्थाएं खत्म कर दी. सीबीआई को हाथों की कठपुतली बना दिया, रॉ का भेद खोल दिया. भारत के इतिहास में पहली बार 4 जजों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि लोकतंत्र ख़तरे में है.”

मोदी की राष्ट्रभक्ति

“मोदी सरकार में पेट खाली है और योगा कराया जा रहा है. जेब खाली है, खाता खुलवाया जा रहा है. खाने को खाने नहीं, शौचालय बनाया जा रहा है. बिजली नहीं है लेकिन डिजिटल इंडिया बनाया जा रहा है. इसे मोदी जी ने राष्ट्रभक्ति का नाम दिया है.”

बीजेपी पर्यावेट लिमिटेड कंपनी और उसके सीए

“बीजेपी को दो आदमी चलाते हैं और दोनों राहु-केतु हैं. दोनों ने बीजेपी को पर्यावेट लिमिटेड कंपनी बना दिया और इसके चार्टड अकांउटेंट हैं विजय माल्या, नीरव मोदी, अडानी और अंबानी है. नीरव मोदी की जब चोरी पकड़ी गयी तो मोदी जी के गोद में बैठ गया.”

कालाधन वापस लाने के नाम पर देश को लूटा

“स्विस बैंक में जमा 90 लाख करोड़ रूपये वापस लाने का दावा किया. 17 लोगों की लिस्ट बनी लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं हुई. नोटबंदी के बाद 99.7 प्रतिशत नोट बैंक को वापस मिल गये. लेकिन विदेश में जमा कालाधन वापस नहीं आया.”

मोदी सरकार में सरकारी कंपनियों की दूर्दशा

“बीएसएनएल कंपनी 2014 में 8 हज़ार करोड़ की फायदे में थी. लेकिन 2016 में 913 करोड़ की घाटे में आ गयी. स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया 2092 करोड़ के फायदे में थी 4 हज़ार करोड़ के घाटे में लाकर मोदी ने खड़ा कर दिया. कोल इंडिया, आआईएम, ओएनजीसी सबको घाटे में ला दिया.”

फ़ौज के नाम पर राजनीति

फौज के कंधे से सियासी तीर चला रहे हैं मोदी जी. पहले आतंकी हमला होने पर इस्तिफ़ा मांगा जाता था औऱ अब आतंकी हमला होने पर वोट मांगे जाते हैं.

बूरे दिन जाने वाले हैं और राहुल गांधी आने वाले हैं

“मोदी ने दो करोड़ नौकरी का वादा और 5 साल में सिर्फ 8 लाख नौकरी दी. ग़रीबों का घर बर्बाद कर दिया. लेकिन कांग्रेस कहती है सभी ग़रीब निश्चिन्त हो जाओ क्योंकि सबको घर बैठे 12 हज़ार रूपये का महीना और 72 हजार रूपये सलाना आएगा.”

मोदी सरकार में बड़े आतंकी हमले

“मोदी सरकार के कार्यकाल में 1700 आतंकी हमले हुए हैं. 2010 में 8 जवान शहीद हुए थे लेकिन अभी 61 हुए हैं. इसे रोकने के लिए मोदी जी ने क्या किया.”

“पुलवामा आतंकी हमले का जवाब दें मोदी. सीआरपीएफ के जवानों को एयरलिफ्ट करने की बात की गयी वो सस्ता भी था और सुरक्षित भी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई.”

कंपनियां सभी विदेशी लेकिन बनाएंगे मेक इन इंडिया

“सभी कंपनियां विदेशी हैं फिर भी मेक इन इंडिया बनाया जा रहा है. गुजरात में स्थित सरदार पटेल की सबसे बड़ी प्रतिमा चीन से आया है, राफेल विमान फ्रांस से आया है, बुलेट ट्रेन जापान से आएगा और भारतवासी पकौडे तलेंगे.”

मोदी राज में अंबानी और अडानी का विकास

“मोदी ने कहा सबका साथ सबका विकास. साथ जनता ने दिया लेकिन विकास सिर्फ अडानी और अंबानी का हुआ. अंबानी को 1240 एकड़ जमीन सीमेंट प्लांट लगाने के लिए 40 करोड़ में अलॉट की गयी. प्लांट लगते ही रिलांयस ने वो ज़मीन 4800 करोड़ मे बेंची.”

“देश का प्रधानमंत्री रिलांयस जियो का प्रचार करता हैं और सरकारी बीएसएनल कंपनी 8 हज़ार करोड़ के सालाना घाटे में जाती है. दूसरी तरफ जियो एक साल में 9 सौ करोड़ रूपये कमाता है.”

“ओएनजीसी से रिलांयस ने 11 हज़ार करोड़ का तेल चुराए. शाह कमेटी बनी, सुप्रीम कोर्ट ने वापस 11 हज़ार करोड़ ओएनजीसी को वापस करने का फैसला सुनाया.  लेकिन आज तक वो पैसा वापस नहीं आया.”

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+