370 हटाने से देश के अन्य हिस्सों पर पड़ा प्रभाव, नागालैंड की भाजपा इकाई ने कहा- यहां इस तरह का कदम केंद्र को पड़ेगा महंगा
नागालैंड के भाजपा अध्यक्ष तेमजेन इम्ना एलॉन्ग ने कहा कि अगर राज्य के प्रति ऐसा कदम उठाया गया तो हम नागा इतिहास की रक्षा के लिए दृढ़ता से खड़े रहेंगे.
जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का असर अन्य राज्यों पर भी दिख रहा है. बीते मंगलवार को नागालैंड के भाजपा अध्यक्ष तेमजेन इम्ना एलॉन्ग लॉन्गकुमेर ने कहा कि अगर नागालैंड के प्रति इस तरह का कदम उठाया जाएगा तो वह नागा इतिहास की रक्षा के लिए दृढ़ता से खड़े रहेंगे.
उन्होंने विधानसभा को संबोधित करते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने पर केंद्र सरकार का समर्थन किया, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि अगर नागालैंड के प्रति इस प्रकार की कोई कोशिश की जाएगी तो राज्य भाजपा उस फैसले के ख़िलाफ़ होगी.
इससे पहले विधायक साज़ो ने कहा था कि अनुच्छेद 371 (ए), नागाओं को सुरक्षा देता है लेकिन अगर केंद्र सरकार “एक राष्ट्र एक कानून, एक राष्ट्र एक धर्म और एक राष्ट्र एक संस्कृति” को लागू करती है. तो यह नागालैंड के लिए खतरा होगा.
बता दें कि संविधान के अनुच्छेद 371 (ए) के तहत नागालैंड का नागरिक ही राज्य में जमीन खरीद सकता है. देश के अन्य राज्यों के व्यक्ति को नागालैंड में जमीन खरीदने का अधिकार नहीं है.
अनुच्छेद 371 (ए) के तहत भारतीय संसद का कोई भी कानून नागाओं की संस्कृति और धार्मिक मामलों में लागू नहीं होगा. नागाओं की प्रथागत कानून और परंपरा को लेकर सर्वोच्चय न्यायालय का कोई निर्णय लागू नहीं होगा.