मध्यप्रदेश में भाजपा को झटका: सैकड़ों समर्थकों के साथ विद्या पटेल ने थामा कांग्रेस का हाथ
विद्या पटेल ने भाजपा नेताओं पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
आगामी चुनावों से पहले भाजपा को लगातार झटके लग रहे हैं. मध्यप्रदेश के बहौरीबंद जनपद पंचायत की पूर्व अध्यक्ष और कटनी ज़िला पंचायत सदस्य विद्या पटेल ने भाजपा को छोड़ अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया है. कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.
एक ख़बर के अनुसार कांग्रेस में शामिल होने के बाद विद्या ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है, “भाजपा में औरत और दौलत चलती है. इस वजह से मैंने उसे छोड़ कांग्रेस में आना सही समझा. जब तक भाजपा में ये दो कारण रहेंगे, तब तक उसका भला नहीं हो सकता. जो भला चाहता है वह भाजपा का साथ छोड़ दे और कांग्रेस को अपनाए.” उन्होंने कहा, “पति की मृत्यु के बाद मेरे पास समाजसेवा और आप लोगों के बीच रहने, मन बहलाने के अलावा कोई चारा नहीं था. पूरा अधिकारी वर्ग जानता है कि जनता को जब भी मेरी ज़रूरत हुई, मैं उनके साथ खड़ी रही.”
गौरतलब है कि विद्या की ही तरह भाजपा के एक अन्य नेता ने भी कांग्रेस का हाथ थाम लिया है. शहडोल ज़िले के जयसिंह नगर से विधायक प्रमिला सिंह टिकट कटने से नाराज़ होकर कांग्रेस में शामिल हो गई हैं.
इसे भी पढ़ें- पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे और भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह ने थामा कांग्रेस का हाथ