बेवफ़ाई का बदला: शिव ‘राज’ को हटाने के लिए 5 क्विंटल मिर्ची से हवन करेगा संत समाज
नर्मदा को अपवित्र करने से नाराज़ है मध्यप्रदेश का संत समाज
मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार के ख़िलाफ़ जनता के साथ साथ अब साधु-संतों ने भी मोर्चा खोल दिया है. संतों ने फैसला किया है कि 25 नवंबर को 5 क्विंटल मिर्च से यज्ञ कर शिवराज सिंह चौहान को हराने के लिए प्रार्थना करेंगे.
राज्य के संतों की सबसे बड़ी चिंता है कि नर्मदा में 665 नाले छोड़ दिये गए हैं, जिससे धार्मिक महत्व की यह नदी अपवित्र हो गई है. उनका कहना है कि मौजूदा सरकार में संतों का अपमान भी किया जा रहा है.
एक ख़बर के मुताबिक संत समाज ने कहा है, “हमें अनुमति की जरुरत नहीं है, संत हैं कहीं भी यज्ञ करेंगे. यह देश-दुनिया में पहली बार होगा. उन्होंने परिवर्तन को प्रकृति का नियम बताया है. इसी प्रकार सरकारों का परिवर्तन होना चाहिए.”
ज्ञात हो कि कुछ समय पहले ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पांच संतों को राज्य मंत्री बनाया था. लेकिन, अब संतों की प्रतिक्रियाएं देखकर ऐसा जान पड़ता है कि तमाम तिकड़मबाजियों के बावजूद भी वे संतों को खुश करने में नाक़ाम रहे हैं.