मध्यप्रदेश: जबलपुर में स्वाइन फ्लू से दो लोगों की मौत
अब तक स्वाइन फ्लू टेस्ट के 50 नमूने प्राप्त हुए हैं, जिनमें से पांच पॉजिटिव पाये गये हैं।
मध्यप्रदेश के जबलपुर में पिछले दो दिनों में एक महिला सहित दो लोगों की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जबलपुर के डॉ. दीपक बरकड़े ने रविवार को बताया, ‘‘स्वाइन फ्लू से अस्पताल में दो लोगों की मौत हो गयी है।’’
उन्होंने कहा कि अस्पताल के ‘‘आइसोलेशन’’ वार्ड में भर्ती एक युवक की शनिवार को स्वाइन फ्लू से मौत हो गई जबकि शुक्रवार को शहपुरा के ग्राम झुरई निवासी एक वृद्ध महिला ने भी इस बीमारी से दम तोड़ दिया।
बरकड़े ने बताया कि प्रयोगशाला जांच में दोनों के एच1 एन1 वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई । उन्होंने कहा कि अब तक स्वाइन फ्लू टेस्ट के 50 नमूने प्राप्त हुए हैं, जिनमें से पांच पॉजिटिव पाये गये हैं। इनमें से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन का इलाज अस्पताल में जारी है।