May a good source be with you.

मध्यप्रदेश: भाजपा नेता पर हत्या का आरोप, नगरपालिका अध्यक्ष को गोली मारकर मौके से फरार

पुलिस ने बताया कि आरोपी भाजपा नेता आपराधिक प्रवृत्ति का था.

मध्यप्रदेश के मंदसौर में नगरपालिका अध्यक्ष प्रहलाद बंधवार की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी की पहचान भाजपा नेता मनीष बैरागी के रूप में हुई है. आरोपी ने नगरपालिक अध्यक्ष के पास जाकर पैर छुए और पिस्टल से गोली मारकर मौके से फरार हो गया.

ईनाडु इंडिया की ख़बर के अनुसार सीएपी राकेश मोहन शुक्ल ने कहा कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक स्टार्ट करने की कोशिश की. लेकिन, जब बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो वह पैदल ही वहां से भाग गया. घटनास्थल से उसकी बाइक बरामद कर ली गई है.

उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को गुजरात और राजस्थान भेजा गया है. आरोपी भाजपा नेता आपराधिक प्रवृत्ति का था इसलिए इसलिए उसके बारे में बारीकी से जांच की जा रही है.

ग़ौरतलब है कि नगरपालिका अध्यक्ष स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे और उनकी हत्या से लोगों की बीच आक्रोश है. जिसे देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं.

इस पूरी घटना पर दुख जताते हुए विधायक यशपाल सिंह ने कहा कि नगरपालिका अध्यक्ष का आरोपी मनीष बैरागी से कोई वाद-विवाद नहीं था. पुलिस ने आरोपी के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज कर ली है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+