मोदी सरकार ने केरल को थमाया 102 करोड़ रुपए का बिल, बाढ़ के समय राहत और बचाव कार्यों में खर्च हुई थी राशि
रक्षा मंत्रालय के राज्यमंत्री सुभाष भामरे ने कहा कि वायु सेना के खर्च का वहन राज्य और केंद्र प्रशासन, दोनों करते है.
केरल में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए खर्च किए रुपयों को वापस लेने के लिए मोदी सरकार ने केरल सरकार को 102 करोड़ रुपए का बिल थमा दिया है. केंद्र सरकार का कहना है कि बाढ़ के दौरान भारतीय वायु सेना के हवाई जहाज और हेलीकॉप्टरों ने राहत और बचाव का कार्य किया था, जिसमें 102 करोड़ रुपए का खर्च आया था.
न्यूज़ प्लेटफार्म की ख़बर के अनुसार रक्षा मंत्रालय के राज्यमंत्री सुभाष भामरे ने राज्य सभा में एक लिखित जवाब में कहा कि बाढ़ के दौरान वायु सेना के जहाजों ने 517 उड़ाने और हेलीकॉप्टरों ने 634 उड़ाने भरी थी. जिसमें 3,787 लोगों को एअरलिफ्ट किया गया था. साथ ही राहत सामग्री बांटने को भी कई उड़ाने भरी गई थी. उन्होंने आगे कहा कि इस काम में 102 करोड़ रुपए खर्च हुए थे. जिसका बिल केरल सरकार को सौंपा गया है. भामरे ने कहा कि वायु सेना के खर्च का वहन राज्य और केंद्र प्रशासन, दोनों करते है.
ज्ञात हो कि बीते साल अगस्त में केरल ने भारी बाढ़ का सामना किया था. जिसमें बड़ी संख्या में नुक़सान हुआ था. ग़ौरतलब है कि बाढ़ के दौरान खर्च हुए पैसों को वापस लेने के लिए मोदी सरकार ने 1970 में स्थापित एक नियमावली का सहारा लिया है. जिसमें नागरिक संस्थानों को सैन्य मदद मुहैया कराने का हवाला दिया गया है.