भाजपा के साथ कोई चुनावी समझौता नहीं : एमएनएफ
एमएनएफ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्वानलुइया ने कहा कि, भगवा पार्टी के साथ चुनावी गठजोड़ नहीं होगा. क्योंकि दोनों दलों की विचारधारा ‘‘पूर्णत: अलग’’ है.
भाजपा के साथ कथित नजदीकी के लिये अन्य विपक्षी दलों के निशाने पर रहने वाले मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने मंगलवार को कहा कि उसका भगवा पार्टी के साथ कोई चुनावी गठजोड़ नहीं है और ऐसा कभी होगा भी नहीं क्योंकि दोनों दलों की विचारधारा ‘‘पूर्णत: अलग’’ है.
एमएनएफ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्वानलुइया ने मिजोरम-म्यामां सीमा पर खाजाल में एक बैठक के दौरान कहा कि चुनावों के बाद भी त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में गठबंधन की कोई संभावना नहीं है. उन्होंने कहा, ‘‘एमएनएफ ईसाइयत के संरक्षण के लिये हैं और वह कभी हिंदुत्व से मेल नहीं करेगा.’’
एमएनएफ पर भगवा पार्टी से नजदीकी का आरोप लगता रहा है क्योंकि वह भाजपा के नेतृत्व वाले उत्तर-पूर्व लोकतांत्रिक गठबंधन का घटक है. विपक्षी दल, खासतौर पर कांग्रेस उसपर भाजपा के साथ गुप्त समझौते का आरोप लगाती रही है.