प्रियंका इम्पैक्ट: उत्तर प्रदेश के BJP विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने दिया इस्तीफ़ा, कांग्रेस में होंगे शामिल
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी में अवतार सिंह भड़ाना कांग्रेस में शामिल होंगे.
उत्तर प्रदेश के मुजफ़्फ़रनगर ज़िले के मीरापुर से अवतार सिंह भड़ाना कांग्रेस का हाथ थामने वाले हैं. भाजपा से इस्तीफ़ा देने के बाद आज अवतार सिंह भड़ाना प्रियंका गांधी की मौजूदगी में दोबारा कांग्रेस में वापसी करेंगे.
ईनाडु इंडिया की ख़बर के अनुसार लोकसभा चुनाव से पहले अवतार सिंह भड़ाना ने भाजपा विधायक के पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है. साल 2015 में भड़ाना भाजपा में शामिल हुए थे और उत्तर प्रदेश से विधानसभा चुनाव लड़ा.
ग़ौरतलब है कि अवतार सिंह भड़ाना हरियाणा के बड़े व्यापारियों की सूची में आते हैं.
बीते 16 जनवरी को पलवल में आयोजित एक कार्यक्रम में अवतार सिंह भड़ाना ने फरीदाबाद के मौजूदा सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर को खुली चुनौती दी थी. उन्होंने कहा था कि गुर्जर मेरे सामने चुनाव लड़कर दिखाएं, अगर वे अपनी जमानत भी बचा लें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा.