May a good source be with you.

2022 तक दोगुनी नहीं होगी किसानों की कमाई, मोदी सरकार के मंत्री ने कहा- ऐसी कोई योजना हमारे पास नहीं

इससे पहले कई मंचों से प्रधानमंत्री कह चुके हैं कि उनकी सरकार 2022 तक किसानों की आय दोगुनी कर देगी.

संसद के शीतकालीन सत्र में भाजपा की ही मंत्री ने प्रधानमंत्री के झूठे वादों की पोल खोल दी है. खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा है कि सरकार फिलहाल किसानों की आय दोगुनी करने की कोई योजना नहीं बना रही है.

ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी. लेकिन, राज्य मंत्री के बयान के बाद यह दावा खोखला साबित हुआ है.

एनडीटीवी की एक ख़बर के मुताबिक़ सांसद आर. पार्थिपन और जोएस जॉर्ज ने सरकार से कुछ सवाल किए. उन्होंने पूछा कि सरकार खाद्य प्रसंस्करण के माध्यम से किसानों की आय को दोगुना करने की कोई योजना बना रही है या नहीं. उन्होंने ऐसी योजना का ब्यौरा सरकार से मांगा. इसके जवाब में राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि ऐसी कोई योजना सरकार नहीं बना रही है.

लेकिन इस मामले मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने यह भी कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के प्रोत्साहन और विकास के लिए मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना चलाई जा रही है. पीएमकेएसवाई एक व्यापक पैकेज है, जिसका उद्देश्य अन्य बातों के साथ कृषि उत्पादों की बर्बादी को कम करना और देश में खाद्य प्रसंस्करण के स्तर को बढ़ाना है. ताकि कच्ची सामग्री के रूप में कृषि उत्पादों की मांग बढ़ाई जा सके, जिसके ज़रिये किसानों को कृषि उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके और वे अपनी आय बढ़ा सकें.

गौरतलब है कि कई बार प्रधानमंत्री मोदी और सरकार के कई मंत्रियों ने किसानों की आय दोगुनी किए जाने पर काम करने का दावा किया है. इसी साल जून में किसानों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि यूपीए सरकार के पांच साल की तुलना में कृषि क्षेत्र का बजट दोगुना 2.12 लाख करोड़ कर दिया गया है. उन्होंने दावा किया कि किसानों को लागत का डेढ़ सौ प्रतिशत कीमत दिलाने के लिए सरकार ने कदम उठाए हैं. उन्होंने कहा, “हमारी सरकार किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने की दिशा में काम कर रही है. देश में न सिर्फ रिकॉर्ड फसल उत्पादन हो रहा है बल्कि दूध, फल और सब्जियों का उत्पादन भी उच्च स्तर पर है.”

ज्ञात हो कि सरकार ने 20 जुलाई को पीआइबी की ओर से एक विज्ञप्ति भी जारी की थी. इसमें 2022 तक किसानों की कमाई दोगुनी करने का लक्ष्य तय करने की बात कही गई थी. विज्ञप्ति में सरकार की ओर से 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लिए अंतर मंत्रालयी समिति गठित करने की सूचना दी गई थी, जिसमें राष्ट्रीय वर्षा क्षेत्र प्राधिकरण के सीईओ की अध्यक्षता में कमिटी काम करेगी. सरकार ने बताया था कि किसानों की आय दोगुनी करने को लेकर कमेटी अब तक 13 मसौदे तैयार कर चुकी है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+