#Metoo: यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद सीआईएनटीएए ने आलोक नाथ को निष्कासित किया
विन्ता नंदा ने आकोल नाथ पर 19 वर्ष पहले कई बार बलात्कार करने का आरोप लगाया था.
‘द सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन’ (सीआईएनटीएए) ने मंगलवार को कहा कि उसने आलोक नाथ को निष्कासित कर दिया है. एक महीने पहले एक लेखिका, निर्माता ने अभिनेता पर बलात्कार का आरोप लगाया था. विन्ता नंदा ने नाथ पर आरोप लगाया था कि उन्होंने 19 वर्ष पहले उनसे एक से अधिक बार बलात्कार किया.
सीआईएनटीएए ने ट्विटर पर जारी एक बयान में कहा, ‘‘आलोक नाथ के ख़िलाफ़ यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के विभिन्न आरोपों के मद्देनजर उचित विचार विमर्श के बाद सीआईएनटीएए की कार्यकारी समिति ने उन्हें एसोसिएशन से निष्कासित करने का निर्णय किया है.’’ सीआईएनटीएए ने इससे पहले नाथ को कारण बताओ नोटिस जारी किया था.
सम्पर्क किये जाने पर नाथ ने पीटीआई-भाषा से कहा कि उन्हें अभी तक कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे सीआईएनटीएए से अभी तक कुछ भी प्राप्त नहीं हुआ है.’’ नंदा के अलावा अभिनेत्री संध्या मृदुल ने भी नाथ पर वर्षों पहले एक बाहरी शूट के दौरान यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था. नाथ ने बार बार आरोपों से इनकार किया है और नंदा के ख़िलाफ़ मानहानि का एक मामला भी दायर किया है.