पुलिस डाल रही थी युवती पर दबाव, कहा – झूठा बलात्कार का मुक़दमा दर्ज करोगी तो घर जाने देंगे
पीड़िता ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी की।
मेरठ में 20 साल की लड़की के साथ पुलिस की ज़्यादती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक और सच्चाई सामने आई है। पीड़ित लड़की ने कहा है कि मेरठ पुलिस ने उस पर दबाव बनाया था कि वह अपने मुस्लिम दोस्त पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज करे।
टाइम्स ऑफ इंडिया की ख़बर के मुताबिक़ पीड़िता ने कहा – “हम थाने में अपने परिवारवालों का इंतजार कर रहे थे, तब पुलिस ने दबाव बनाया कि मैं अपने सहपाठी के ख़िलाफ़ बलात्कार का मुकदमा दर्ज करवाऊं। उन्होंने कहा कि अगर मुकदमा दर्ज करवा दिया तो हमें आराम से घर जाने देंगे।”
पीड़िता ने आगे बताया – “हम अपने दोस्त के कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे, तभी अचानक कुछ लोग आए और कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसके कुछ देर बाद पुलिस आई और हम दोनों को थाने लेकर गई। जब पुलिस हमें थाने ले जा रही थी, तब एक महिला पुलिसकर्मी ने मेरे साथ पिटाई की और एक दूसरे पुलिसकर्मी ने पिटाई का वीडियो बनाया। उन्होंने इस दौरान मेरे लिए भद्दी भाषा का इस्तेमाल किया।”
गौरतलब है कि बीते 23 सितम्बर को उत्तर प्रदेश की मेरठ पुलिस ने एक 20 वर्षीय लड़की और उसके मुस्लिम दोस्त को गिरफ्तार कर उसका विडियो बनाया था जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।