May a good source be with you.

योगी राज में अपराधी बेख़ौफ़, पुलिस और सरकार नाम की कोई चीज़ नहीं-मायावती

मायावती ने महिला सुरक्षा पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि आगरा में छात्रा को ज़िन्दा जला देने वाली घटना से स्पष्ट होता है कि प्रदेश में अपराधी पूरी तरह बेख़ौफ़ हो गए हैं.

बसपा सुप्रीमो मायावती ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेख़ौफ़ हैं और भाजपा सरकार कानून व्यवस्था के मामले में पूरी तरह विफल साबित हुई है.

मायावती ने एक बयान में महिला सुरक्षा की लगातार बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा, ‘आगरा में छात्रा को ज़िन्दा जला देने और दूसरी छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटनाओं से स्पष्ट है कि प्रदेश में अपराधी पूरी तरह बेख़ौफ़ हो गये हैं.’

उन्होंने कहा कि बुलन्दशहर में हाल ही में भीड़ द्वारा पुलिस अधिकारी की हत्या के बाद आगरा की ताजा घटनाओं ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में पुलिस व सरकार नाम की कोई चीज है भी या नहीं.

मायावती ने कहा, ‘‘इन जघन्य घटनाओं के सम्बन्ध में राज्य सरकार के रवैये व विधानसभा में भी इनके बयानों से साफ लगता है कि अपराध नियंत्रण व कानून व्यवस्था भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में कहीं है ही नहीं. इससे सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया है तथा लोगों के जानमाल की कोई कीमत नहीं बची है.’

उन्होंने अपराधियों के ख़िलाफ़ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग करते हुये कहा कि हर पीड़ित परिवार समुचित न्याय नहीं मिल पाने के कारण आज भयभीत व आक्रोशित है.

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि बुलन्दशहर हिंसा में शहीद हुये पुलिस अधिकारी एस के सिंह के मुख्य अभियुक्तों का आज लगभग तीन सप्ताह बाद भी गिरफ्तार नहीं हो पाना यह साबित करने को काफी है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था के मामले में कितनी विफल साबित हो रही है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+