May a good source be with you.

मैं ऐसा प्रधानमंत्री नहीं था जो प्रेस से बातचीत करने में डरता हो- मनमोहन सिंह

मनमोहन सिंह ने अपनी पुस्तक चेंजिंग इंडिया के विमोचन के अवसर पर कहा कि लोग कहते हैं कि मैं एक मौन प्रधानमंत्री था जबकि मैं नियमित तौर पर प्रेस वार्ता किया करता था.

प्रेस से बातचीत को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि मैं ऐसा प्रधानमंत्री नहीं था जो मीडिया से बात करने से डरता हो.  मैं नियमित तौर पर प्रेस वार्ता किया करता था.

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपनी पुस्तक चेंजिंग इंडिया के विमोचन के दौरान कहा कि लोग कहते हैं कि मैं एक मौन प्रधानमंत्री था, लेकिन यह किताब उन्हें इस बात का जवाब देगी. मैं ऐसा प्रधानमंत्री नहीं था जिसे प्रेस वार्ता करने में डर लगता हो. मैंने नियमित रूप से प्रेस वार्ता का आयोजन किया है और विदेश यात्राओं से वापसी के बाद भी प्रेस से बातचीत करता था. उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री के तौर पर अपनी उपलब्धियों का बखान नहीं करना चाहता, लेकिन जो चीजें हुई हैं वह पांच खंडों की इस पुस्तक में मौजूद है.

एनडीटीवी की ख़बर के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार और रिजर्व बैंक के बीच चल रहे मतभेद के बारे में कहा कि रिज़र्व बैंक और सरकार का संबंध पति-पत्नी के संबंध की तरह है. दोनों के बीच मतभेदों को निपटाना जरूरी है ताकि दोनों मिलजुल के साथ काम कर सकें.

ग़ौरतलब है कि कर्ज़ के नियम आसान बनाने समेत कई मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार और रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया के बीच मतभेद चल रहा है. इसी बीच आरबीआई के गवर्नर उर्चित पटेल का पद से इस्तीफ़ा देना भी चर्चा का कारण बना हुआ है.

अंत में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मनमोहन सिंह ने कहा कि रिज़र्व बैंक की स्वायत्तता तथा स्वतंत्रता का सम्मान होना चाहिए. ज्ञात हो कि इससे पहले भी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने पद की गरिमा का ध्यान रखने की सलाह दे चुके हैं.

इसे भी पढ़ें- मोदी जी को व्यवहार में संयम रखकर प्रधानमंत्री के पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए- मनमोहन सिंह

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+