कर्नाटक में नकारात्मक शक्तियों का वध हुआ है- मनीष तिवारी
तिवारी ने कहा कि, “मोदी सरकार रिज़र्व बैंक के पास मौजूद 3.6 लाख करोड़ रुपये को 2019 चुनाव से पहले टाफियां बांटने में इस्तेमाल करना चाहती है.”
कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन ने कर्नाटक की तीन लोकसभा और दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव में तीन-एक के मुकाबले से जीत हासिल कर ली है. जीत के बाद कांग्रेस ने प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा पर जमकर निशाना साधा है.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि, “कर्नाटक से आज शुभ ख़बर आई है और वहां नकारात्मक शक्तियों का वध हुआ है.” कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार और आरबीआई के बीच चल रहे तनाव पर तंज कसते हुए कहा कि “मोदी सरकार रिज़र्व बैंक के पास मौजूद 3.6 लाख करोड़ रुपये को 2019 चुनाव से पहले टाफियां बांटने में इस्तेमाल करना चाहती है. लेकिन कांग्रेस आरबीआई की स्वायत्तता की बलि नहीं चढ़ने देगी.”
तिवारी ने कहा कि “नोटबंदी के तुगलक फरमान के लिए प्रधानमंत्री मोदी को देश से माफ़ी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा 9 नवंबर को कांग्रेस देशभर में नोटबंदी के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन करेगी.” ज्ञात हो कि कर्नाटक उपचुनाव में भाजपा एक लोकसभा सीट शिमोगा ही जीत पाई है. जो भाजपा के लिए किसी झटके से कम नहीं है.