मोदी के खिलाफ धरने पर ममता, विपक्ष का मिला समर्थन
राहुल गांधी ने इस घटना को मोदी और भाजपा की ओर से भारत के संविधान पर किये जा रहे हमलों में से एक बताते हुए राहुल ने ममता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने को कहा.
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और मोदी सरकार के बीच टकराव की स्थिति बन गई है. राज्य की मुख्यमंत्री ने जहां सीबीआई की इस कार्रवाई को देश के संविधान और संघीय ढांचे की भावना पर चोट पहुंचाने वाला करार दिया.
वहीं मोदी सरकार भी अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट जाने वाली है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट करके ममता बनर्जी का समर्थन किया. इस घटना को मोदी और भाजपा की ओर से भारत के संविधान पर किये जा रहे हमलों में से एक बताते हुए राहुल ने ममता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने को कहा. उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष इन साम्प्रदायिक ताकतों के विरोध में ममता के साथ है.
I spoke with Mamata Di tonight and told her we stand shoulder to shoulder with her.
The happenings in Bengal are a part of the unrelenting attack on India’s institutions by Mr Modi & the BJP.
The entire opposition will stand together & defeat these fascist forces.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 3, 2019
वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव ने लिखा कि, “बीते कुछ महीनों में सीबीआई पर भाजपा दफ्तर के दबाव में लिए गए राजनीतिक निर्णयों के कारण राज्य सरकारों को ऐसा निर्णय लेना पड़ेगा.” साथ ही उन्होंने सीबीआई को भाजपा के गठबंधन सहयोगी की तरह काम ना करने की भी नसीहत दी.
Spoke to respected @MamataOfficial ji. Extended RJD’s support, BJP has not only venomous & nefarious agenda against opposition leaders but Indian Administrative Service & Police Officers. Might visit Kolkata tomorrow
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) February 3, 2019
इस मामले पर ‘मनसे’ प्रमुख राज ठाकरे भी ममता के समर्थन में आये हैं. न्यूज़ 18 की खबर के मुताबिक राज ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी अपने निजी फायदे के लिए सीबीआई जैसी स्वतंत्र एजेंसी का इस्तेमाल नहीं कर सकते.
मोदी सरकार पर पहले भी सभी विपक्षी पार्टियां संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाती रही हैं. इस वाकये के बाद लगभग सभी बड़े-छोटे दल ममता के साथ खड़े नज़र आ रहे हैं. इससे कुछ समय पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती पर भी केंद्र सरकार की ओर से कुछ इसी तरह की बदले की भावना से ग्रस्त कार्यवाही का आरोप लगाया गया था.
ग़ौरतलब है कि चिटफंड घोटाले के सिलसिले में, सीबीआई बीती रात कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार से पूछताछ करने जा रही थी. राज्य की मुख्यमंत्री ममता ने आरोप लगाया कि सीबीआई बिना तलाशी वॉरंट के ही पुलिस आयुक्त के घर पहुंच गई. घटना के कुछ देर बाद कोलकाता पुलिस ने सीबीआई के कुछ अधिकारियों को हिरासत में ले लिया.
इसके बाद रात में ही ममता बनर्जी अपनी कैबिनेट के साथ मोदी सरकार के खिलाफ़ धरने पर बैठ गई. ममता ने केंद्र सरकार के खिलाफ़ संविधान और संघीय ढांचे की भावना का गला घोटने का भी आरोप लगाया.