महाराष्ट्र: मुस्लिम कैब ड्राइवर के साथ मारपीट, जबरन लगवाया ‘जय श्रीराम’ का नारा
आरोपियों ने फ़ैज़ल के साथ कथित रूप से मारपीट की और जब उन्हें पता चला कि फ़ैज़ल मुस्लिम है, तो उसे ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने को कहा.
देश में जबरदस्ती ‘जय श्रीराम’ के नारे लगवाने और मारपीट करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. महाराष्ट्र के ठाणे में एक मुस्लिम कैब ड्राइवर के साथ मारपीट और जबरन ‘जय श्रीराम’ का ताज़ा मामला सामने आया है.
इस घटना को लेकर पीड़ित कैब ड्राइवर फ़ैजल ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसने शनिवार को दिवा ज़िले से कुछ यात्रियों को कैब में बिठाया था, वापस लौटते हुए 4-5 लोगों से उसका विवाद हो गया. फ़ैजल की शिकायत के अनुसार सभी आरोपी नशे में थे. आरोपियों ने फ़ैज़ल के साथ कथित रूप से मारपीट की और जब उन्हें पता चला कि फ़ैज़ल मुस्लिम है, तो उसे ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने को कहा.
पुलिस उपायुक्त एसएस बुर्से ने बताया कि इस घटना को लेकर तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है. आरोपियों के ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 295 और 392 के तहत मामला दर्ज किया गया है. बाकी आरोपियों की तलाश की जारी है.
ग़ौरतलब है कि पिछले दिनों झारखंड के जमशेदपुर में मुस्लिम समुदाय के एक युवक के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट और जबरन ‘जय श्रीराम’ बुलवाने की घटना सामने आई थी. भीड़ की हिंसा के शिकार तबरेज ने कुछ दिनों बाद दम तोड़ दिया था.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित
इसे भी पढ़ें- झारखंड: भीड़ ने मुस्लिम युवक को बिजली के खंभे से बांधकर बुरी तरह मारा, मौत