महाराष्ट्रः प्याज की गिरती कीमतों से परेशान किसान का अनोखा प्रदर्शन, प्याज के ढेर में घुसकर अनशन पर बैठा
प्याज की गिरती कीमतों को लेकर किसान ने सरकार को शिकायत पत्र भी भेजा था, लेकिन उसकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ.
प्याज की लगातार गिरती क़ीमत से परेशान महाराष्ट्र के नासिक में किसान ने विरोध प्रदर्शन का नायाब तरीका निकाला है. किसान ने खुद को गले तक प्याज से ढक कर विरोध प्रदर्शन किया. मारुती मुंढे नामक यह किसान प्याज की गिरती कीमत और कम लागत मूल्य मिलने से नाराज़ होकर अनशन पर बैठा गया.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार किसान ने प्याज की कीमतों को लेकर सरकार को शिकायत पत्र भी भेजा था. लेकिन, जब समस्या का कोई समाधान नहीं मिला तो किसान ने यह अनोखा प्रदर्शन शुरू कर दिया.
जनसत्ता के अनुसार नाराज़ किसान ने खुद को प्याज के ढेर में अंदर तक ढक लिया और अनशन पर बैठ गया. किसान की नाराज़गी देखते हुए अन्य लोगों ने भी किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार से कदम उठाने की मांग की है.
ग़ौरतलब है कि इस समय महाराष्ट्र के कई ज़िले सूखे की चपेट में हैं. इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. किसानों का आरोप है कि सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर भी प्याज नहीं खरीदी है. उल्लेखनीय है कि पिछले 2 सालों की तुलना में प्याज के दाम सबसे कम हैं.
बता दें कि महाराष्ट्र में प्याज की सबसे ज्यादा पैदावार होती है. यहां के किसान राज्य सरकार से प्याज का न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) घोषित करने की मांग लगातार कर रहे हैं.