महाराष्ट्र में क्रिसमस मना रहे लोगों पर हमला, कट्टर हिन्दूवादी ताकतों का बताया जा रहा हाथ
कोल्हापुर के एसपी अभिनव देशमुख ने कहा है कि आशंका है कि हमलावर दक्षिणपंथी गुटों से जुड़े हुए हैं.
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक धार्मिक आयोजन में हिस्सा ले रहे लोगों पर 10-15 लोगों के समूह ने हमला बोल दिया. इसमें कम से कम 12 लोगों के जख़्मी हो गए हैं.
पुलिस के मुताबिक कोल्हापुर से करीब 100 किलोमीटर दूर एक गांव में ये सभी लोग एक धार्मिक आयोजन के लिए एक किराए के मकान में जुटे थे. तभी कुछ लोगों की भीड़ आई और इन पर हॉकी स्टीक और पत्थरों से हमला बोल दिया. पुलिस का कहना है कि इस घटना को अंजाम देने के बाद इन हमलावरों ने तालगुली और दिंदालकोप गांवों में भी कई लोगों पर हमला किया है. पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने पहचान छिपाने के लिए नकाब चढ़ा रखे थे.
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक कोल्हापुर के एसपी अभिनव देशमुख ने कहा है कि आशंका है कि ये सभी लोग दक्षिणपंथी गुट से जुड़े हुए हैं. उन्होंने मामले के सभी पहलुओं की जांच किए जाने की बात भी कही.
गांधीगल्ज के अवर पुलिस निरीक्षक श्रीनिवास घड़गे का कहना है कि हमने चार टीमों का गठन किया है, सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ़्तारी नहीं हो सकी है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात हमलावरों पर आईपीसी की धारा 295 (किसी वर्ग के धर्म का अपमान करने के आशय से उपासना के स्थान को क्षति करना या अपवित्र करना), 147 (दंगा कराने), 148 (घातक आयुध से लैस होकर उपद्रव करना),149, 307 (हत्या का प्रयास), 326, 323, 427 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.