“परिवारवाद से अछूती नहीं है भाजपा, मेरा टिकट काटकर कैलाश विजयवर्गीय के बेटे को बनाया उम्मीदवार”- भाजपा विधायक ने रोया दुखड़ा
ठाकुर की विधानसभा सीट कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय को दे दी गई.
मध्यप्रदेश चुनाव के बीतते ही भारतीय जनता पार्टी के नेता अपनी ही पार्टी पर परिवारवाद का आरोप लगा रहे हैं. इंदौर से भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने कहा है कि उनकी सीट छीनकर पार्टी ने कैलाश विजयवर्गीय के बेटे को टिकट दे दी. सुधा के बयान का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इंडियन एक्सप्रेस की एक ख़बर के मुताबिक़ उषा ने कहा है कि पार्टी ने इंदौर-3 से उनकी चुनावी सीट को बदलकर मऊ भेज दिया और भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे को उनकी जगह पर खड़ा कर दिया.
इस क़दम को राजनीतिक रूप से एक नाइंसाफी बताते हुए उषा ने कहा, “राजनीति एक मिशन है. मैं राजनीति में कमीशन खाने के लिए नहीं आई हूं. आपको मुझे एक उम्मीदवार के रूप में स्वीकार करने में दिक्कत हो रही है. मैं यहां किसी गुप्त योजना के तहत नहीं भेजी गई हूं. मेरे साथ राजनीतिक अन्याय हुआ है. कांग्रेस के साथ जो परिवारवाद का संकट था, वह अब भाजपा के साथ भी है.”
उन्होंने दुःख जताते हुए बताया कि भाजपा प्रमुख अमित शाह के साथ मामला सेट करके ही उन्हें उनके विधानसभा सीट से हटाया गया.