मध्यप्रदेश: वोटरों ने पूछा सवाल तो गालियां बकने लगे भाजपा के विधायक, देखें विडियो
आक्रोशित लोगों का कहना है कि जो नेता चुनाव के पहले गाली दे रहे हैं, वे बाद में क्या करेंगे.
मध्यप्रदेश चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जनता के कड़े विरोध का सामना करना पड़ रहा है. लेकिन, अब भाजपा के नेता जनता के सवालों का जवाब देने की बजाय उनसे गाली गलौज करने पर उतारू हो गए हैं. इसी क्रम में जबलपुर पश्चिम से भाजपा के उम्मीदवार हरेन्द्र सिंह बब्बू पर प्रचार के दौरान स्थानीय लोगों से गाली-गलौज़ करने का आरोप लगा है.
ईनाडु इंडिया की एक ख़बर के मुताबिक़, बब्बू जबलपुर पश्चिम के श्याम नगर में प्रचार करने गए थे. इस दौरान बस्ती के लोगों ने उनसे सवाल किया, “जब हमारे घर टूट रहे थे और हम लोग धरना दे रहे थे तब आप विधायक थे. आपने हमारा घर बचाने की जगह हम पर ही पुलिसिया कार्रवाई करवा दी.” लोगों ने कहा कि आपने बस्ती के लोगों के साथ मारपीट करवाई और अब उन्हीं से वोट मांगने आए हैं. तो वे आपको वोट क्यों दें? इस सवाल से चिढ़कर बब्बू ने बस्ती के लोगों से गाली-गलौज़ की. भाजपा नेता के इस व्यवहार से आक्रोशित लोगों ने कहा है जो नेता चुनाव के पहले गाली दे रहे हैं, वे बाद में क्या करेंगे.
स्थानीय लोगों के अनुसार उनके इस बर्ताव की वजह से लोगों ने बब्बू के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की और बस्ती से बाहर निकाल दिया. इस घटना की ख़बर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन किसी के भी ख़िलाफ़ कोई मामला दर्ज नहीं हुआ.