May a good source be with you.

मध्यप्रदेश में मतदाता सूची में भारी अनियमितता, प्रदेश कांग्रेस का दावा- राज्य में 35 लाख से ज़्यादा बोगस वोटर

प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की शिकायत 

मध्यप्रदेश में वोटर लिस्ट में भारी अनियमितता को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की है। स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव से मुलाकात कर यह आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में 35 लाख बोगस मतदाताओं के नाम हैं। इसकी वृहद स्तर पर जांच होनी चाहिए। इस बाबत चुनाव आयोग के कार्यालय से यह भरोसा दिलाया गया है कि हर मामले की जांच होगी।

गौरतलब है कि पिछले कई मीडिया रिपोर्ट में यह बात सामने निकलकर आई कि मध्यप्रदेश में जो वोटर लिस्ट जारी किए गए है, उसमें भारी फर्जीवाड़ा हुआ है। कहीं एक ही पोलिंग बूथ पर एक ही फ़ोटो से 30 से अधिक मतदाताओं के नाम दर्ज़ है, तो कहीं ग़लत पते पर ही मतदाताओं के नाम दर्ज़ कर दिए गए हैं। कुछ मामलों में तो व्यक्ति की मृत्यु को हुए तीन-चार साल हो गए फिर भी वोटर लिस्ट में उसका नाम दर्ज़ है।

मीडिया रिपोर्ट आने के बाद से ही कांग्रेस काफी आक्रमक दिख रही है। कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाया था कि प्रदेश में एक या दो नहीं बल्कि कई लाख फ़र्ज़ी वोटर हैं जिसे सरकार ने प्रशासन की मदद से तैयार किया है। एक दशक के दौरान जब आबादी की वृद्धि दर 24 फीसदी थी तो वोटर 40 फीसदी कैसे बढ़ गए। यह एक बड़े घोटाले की तरफ इंगित करता है।

ज्ञात हो कि कांग्रेस की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने कई लाख अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए थे।

ताज़ा मामले में नई दुनिया के मुताबिक निर्वाचन कार्यालय गए कांग्रेस प्रवक्ता जेपी धनोपिया और मनोज शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस की शिकायत के बाद 24 लाख अपात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए तो 11 लाख से ज़्यादा जोड़ दिए गए जिससे शंका पैदा होती है। कांग्रेस प्रवक्ता का अब भी दावा है कि पूरे राज्य में मतदाता सूची में 35 लाख से ज़्यादा बोगस मतदाताओं के नाम हैं।

कांग्रेस प्रवक्ताओं ने कुछ क्षेत्रों में हुए गड़बड़ियों को लेकर भी निर्वाचन पदाधिकारी को सबूत उपलब्ध करवाए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने बताया कि नरेला विधानसभा की मतदाता सूची को लेकर शिकायत की गई है और उसकी जांच कराई जा रही है।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+