डिटर्जेंट पाउडर से कम नहीं है योगी सरकार, कांग्रेस के दाग़ियों को भाजपा में बुलाकर कर देती है दाग़मुक्त
योगी सरकार ने कांग्रेस के दागी नेता को भाजपा में बुलाकर मुक़दमा वापस लिया.
भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा राजनीतिक दल बन गया है, जहां दूसरे दलों के दाग़ी नेताओं को बुलाकर दाग़मुक्त किया जा रहा है. ख़बरों के मुताबिक सात महीने पहले कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए विधान पार्षद दिनेश प्रताप सिंह पर से योगी सरकार ने एक मुक़दमे को वापस ले लिया है.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक 2013 में रायबरेली में दिनेश सिंह पर मुक़दमा दर्ज हुआ था. 2013 में दिनेश सिंह रायबरेली के दिगिया बाज़ार चौराहे पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, इसके कारण सुल्तानपुर-रायबरेली को जाम कर दिया गया था. इस जाम में एक एम्बुलेंस फंस गई थी और यातायात नियंत्रण से बाहर हो गया था.
रायबरेली पुलिस ने जनवरी 2016 में सभी आरोपियों पर चार्ज़शीट दायर किया था. दिनेश प्रताप सिंह और उनके सहयोगियों पर आईपीसी की धारा 145, 341 और 283 के तहत मुक़दमा दर्ज किया गया था.
दिनेश प्रताप सिंह ने 22 अप्रैल 2018 को भाजपा का दामन थाम लिया था.
इस साल के शुरुआत में योगी सरकार ने एक कानून पास किया था, जिसके मुताबिक नेताओं के ऊपर से 20,000 मुक़दमों को हटाने का फ़ैसला किया गया. तब सरकार ने कहा था कि ये सभी मुकदमे राजनीति से प्रेरित थे, इसलिए उन्हें वापस लिया जा रहा है.