राहुल गांधी का बड़ा एलान: एजुकेशन लोन पर बकाया ब्याज़ को माफ़ करेगी कांग्रेस, नौकरी नहीं मिलने तक कोई ब्याज़ नहीं लेगा बैंक
राहुल गांधी ने कहा है कि 31 मार्च 2019 तक के पुराने शिक्षा ऋण पर बकाया ब्याज़ को माफ़ किया जाएगा.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश के छात्रों को लेकर बड़ा एलान किया है. राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर 31 मार्च 2019 तक के पुराने शिक्षा ऋण पर बकाया ब्याज़ को माफ़ किया जाएगा और नए लोन पर नौकरी मिलने तक कोई ब्याज नहीं लेगा बैंक.
राहुल गांधी ने अपने फ़ेसबुक पेज पर इसकी घोषणा की है. उन्होंने कहा है, “कांग्रेस की सरकार, 31 मार्च 2019 तक के पुराने शिक्षा ऋण पर बकाया ब्याज को माफ़ कर देगी. साथ ही हम, शिक्षा ऋण के लिए एकल खिड़की सिस्टम की व्यवस्था लागू करेंगे. जब तक छात्र को नौकरी नहीं मिलती या स्वरोजगार के माध्यम से कमाई नहीं होती, तब तक बैंक कोई ब्याज नहीं लेगा.”
बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने अपने मेनिफ़ेस्टो में कहा है कि देश की जीडीपी का 6 फ़ीसदी हिस्सा शिक्षा पर ख़र्च किया जाएगा. इसके साथ ही ग़रीब परिवारों को राहत देने के लिए कांग्रेस ने “न्याय” योजना की घोषणा की है, जिसके तहत देश के 20 प्रतिशत ग़रीब परिवारों को सालाना 72 हजार रुपए दी जाएगी.