कन्हैया कुमार को लोगों की मदद, बेगूसराय से चुनाव लड़ने के लिए चंदे के रूप में दिए 31 लाख रुपए
कन्हैया कुमार ने 70 लाख रुपए जमा करने का लक्ष्य रखा है. उसके बाद क्राउडफंडिंग बंद कर दी जाएगी.
बेगूसराय में सीपीआई(एम) से चुनावी मैदान में उतरे कन्हैया कुमार को लगभग 2,400 लोगों ने 31 लाख रुपए का चंदा दिया है.
एक पूर्व प्रकाशक से उन्हें सबसे अधिकतम 5 लाख रूपये की राशि मिली है. इसके अलावा लगभग 1500 लोगों ने 100 रूपये से 150 रुपए के बीच योगदान दिया है. यह फंड संग्रह ourdemocracy.in नामक वेबसाइट के माध्यम से की जा रही है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, कन्हैया ने 70 लाख रुपए जमा करने का लक्ष्य रखा है. उसके बाद क्राउडफंडिंग बंद कर दी जाएगी.
भाकपा के सचिव सत्य नारायण सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, “हम हमेशा से लोगों के योगदान पर निर्भर रहे हैं. कन्हैया ने फंड जमा करने की हमारी पूरानी प्रणाली को डिजिटल कर दिया है और इससे काम अच्छा हुआ है. हमें देश भर के लोगों से भारी प्रतिक्रिया मिली है. हमने विदेशी फंडिग को ना कहा है.”
वहीं, ourdemocracy.com के संस्थापक बिलाल जैदी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि, हमने 26 मार्च को कन्हैया के लिए फंड संग्रह करना शुरू किया और पहले ही दिन 30 लाख रुपए एकत्र किया. अब तक 31 लाख रुपए एकत्र हुआ है. सर्वर कुछ वक्त के लिए डाउन हो गया है.”
बिलाल जैदी ने कहा कि क्राउडफंडिंग की प्रणाली पूरी तरह से पारदर्शी होती है. इसमें दाताओं का पूरा विवरण मांगते हैं.
बिलाल जैदी ने बताया कि, “कन्हैया के अलावा हमें आरा से निर्दलीय उम्मीदवार और दूसरा किशनगंज से भी एक उम्मीदवार ने क्राउडफंडिंग के लिए अनुरोध किया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर हम 22 क्राउडफंडिंग अभियान चला रहे हैं. जिसमें कांग्रेस के उम्मीदवार नाना पटोले और आप के उम्मीदवार आतिशी भी शामिल हैं.”