ओडिशा: ‘एक परिवार, एक टिकट’ की नीति का पालन करेगी कांग्रेस, युवाओं को मिलेगा अवसर
जितेंद्र सिंह ने कहा कि कुछ नेता अपने परिवारों के एक से अधिक सदस्यों के लिए टिकट चाहते हैं.
आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अपने परिवार के सदस्यों के लिए अतिरिक्त टिकट की मांग करने पर ओडिशा के कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी ‘एक परिवार, एक टिकट’ की नीति का सख्ती से पालन करेगी.
दरअसल, विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ होने की उम्मीद जताई जा रही है.
जितेंद्र सिंह ने कहा कि कुछ नेता अपने परिवारों के एक से अधिक सदस्यों के लिए टिकट चाहते हैं. इस बार, पार्टी ने फैसला किया है कि एक परिवार को केवल एक ही टिकट दिया जाएगा.
सिंह ने आगे कहा कि यदि परिवार का कोई वरिष्ठ सदस्य, जिसे टिकट आवंटित किया गया है, अगर वह चुनाव न लड़ने का फैसला करते हैं, तो उसके पास अपने बेटे या बेटी को टिकट देने का विकल्प है.
वहीं, एआईसीसी नेता ने यह भी कहा कि पार्टी ने चुनाव जीतने की संभावना वाले युवाओं,महिलाओं और नए चेहरों को प्राथमिकता देने का फैसला किया है. उन्होंने बताया कि इस बार युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित