छोटे भाई नीतीश..तुमने 11 करोड़ जनता की पीठ में तीर घोंपे हैं, अब लद गए तुम्हारे दिन: लालू प्रसाद यादव
लालू यादव ने कहा, “तुम क्या जानो इन सब वैचारिक और सैद्धांतिक उसूलों को. डरकर शॉर्टकट ढूंढना और अवसर देख समझौते करना तुम्हारी बहुत पुरानी आदत रही है.”
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार ने 11 करोड़ ग़रीब जनता की पीठ में विश्वासघात का तीर घोंपा है, अब तीर का जमाना लद गया है.
एक फ़ेसबुक पोस्ट में लालू प्रसाद यादव ने सीएम नीतीश कुमार और उनकी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा है, “सुनो छोटे भाई नीतीश, ऐसा प्रतीत हो रहा है कि तुम्हें आजकल उजालों से कुछ ज़्यादा ही नफ़रत सी हो गयी है. दिनभर लालू और उसकी लौ लालटेन-लालटेन का जाप करते रहते हो. तुम्हें पता है कि नहीं, लालटेन प्रकाश और रोशनी का पर्याय है. मोहब्बत और भाईचारे का प्रतीक है. ग़रीबों के जीवन से तिमिर हटाने का उपकरण है. हमने लालटेन के प्रकाश से ग़ैरबराबरी, नफ़रत, अत्याचार और अन्याय का अंधेरा दूर भगाया है और भगाते रहेंगे. तुम्हारा चिह्न तीर तो हिंसा फैलाने वाला हथियार है. मार-काट व हिंसा का पर्याय और प्रतीक है.”
इसके आगे लालू यादव ने लिखा है कि तुम क्या जानो इन सब वैचारिक और सैद्धांतिक उसूलों को. डरकर शॉर्टकट ढूंढना और अवसर देख समझौते करना तुम्हारी बहुत पुरानी आदत रही है.
आगे लालू यादव ने लिखा है कि मिसाइल के जमाने में तीर का ज़माना लद गया है. तीर अब संग्रहालय में ही दिखेगा लालटेन तो हर जगह जलता दिखेगा और पहले से अधिक जलता हुआ मिलेगा क्योंकि 11 करोड़ ग़रीब जनता की पीठ में तुमने विश्वासघाती तीर ही ऐसे घोंपे हैं. बाक़ी तुम अब कीचड़ वाले फूल में तीर घोंपो या छुपाओ. तुम्हारी मर्ज़ी..
बता दें कि नीतीश कुमार अब चुनावी सभाओं में राष्ट्रीय जनता दल पर हमला करते हुए उसके चुनाव चिह्न लालटेन को निशाना बनाते रहे हैं. हर घर बिजली पहुंचाने का दावा करने वाले नीतीश कुमार कहते हैं कि अब लालटेन का ज़माना नहीं रहा.