श्रीलंका को बचाने के लिए हमारी एकता जरूरी, विभाजनकारी राजनीति का ना हों शिकार: मुस्लिम विरोधी दंगों पर बोले पूर्व क्रिकेटर कुमार संगकारा
“अगर हमलोग अपने आप को हिंसा, रंगभेद, गुंडागर्दी और नफ़रत में भुला देंगे तो हम अपना देश भी खो देंगे.”
श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने अपने देशवासियों से अपील की है कि शांति को बरकरार रखी जाए, ताकि विभाजनकारी राजनैतिक एजेंडा चलाने वाले लोग सफल ना हों.
कुमार संगकारा ने श्रीलंका में भड़की ग़ैर-मुस्लिम दंगों पर ट्विटर के माध्यम से अपनी बात रखी है. उन्होंने लिखा है, “अगर हमलोग अपने आप को हिंसा, रंगभेद, गुंडागर्दी और नफ़रत में भुला देंगे तो हम अपना देश भी खो देंगे.” आगे उन्होंने अपील की है कि एकता बनाकर शांति स्थापित की जाए और एक-दूसरे को सुरक्षित रखा जाए.
उन्होंने अपील की है कि शर्मनाक और विभाजनकारी राजनैतिक एजेंडे का शिकार ना हों.
STOP. BREATHE. THINK. OPEN YOUR EYES. If we lose ourselves in violence, racism, thuggery and hatred we lose our country. Unite as Sri Lankans, be peaceful, keep each other safe. Do not give into shameful, divisive political agendas. WE HEAL AND RISE TOGETHER AS ONE NATION
— Kumar Sangakkara (@KumarSanga2) May 14, 2019
सोमवार को श्रीलंका में एक मुस्लिम व्यक्ति को पीट-पीट कर मार डाला गया, इसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए कर्फ्यू भी लगाया गया. श्रीलंका में ईस्टर के दिन हुए सीरियल बम धमाकों के बाद से ही मुस्लिम विरोधी दंगे भड़क रहे हैं.
पुलिस के मुताबिक मुस्लिम परिवारों के घर और मस्जिद पर हथियारबंद लोगों द्वारा हमला किया जा रहा है.
श्रीलंका के इस तनाव का सबसे ज्यादा असर वहां की राजधानी कोलम्बो के उत्तरी तीन जिलों में सबसे अधिक है. लेकिन, पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए देशभर में कर्फ़्यू लगाया था.
बता दें कि तीन हफ्ते पहले श्रीलंका में तीन चर्च और तीन लग्जरी होटलों पर आतंकी हमले किए गए थे, जिसमें 258 लोगों की मौत हुई थी और करीब 500 लोग घायल हुए थे.
(पीटीआई इनपुट्स के साथ)