कोलकाता: माझेरहाट फ्लाईओवर के गिरने से 1 शख़्स की मौत और 20 लोग घायल
2017 में जादवपुर यूनिवर्सिटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने 50 साल पुराने इस पुल की मरम्मत का सुझाव दिया था।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में फ्लाईओवर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दक्षिण कोलकाता के माझेरहाट फ्लाईओवर का एक हिस्सा टूट कर गिर गया जिससे एक शख्स की मौत हो गई एवं 20 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा कल शाम लगभग 4:45 बजे हुआ। मेट्रो रेलवे में काम कर रहा मजदूर जो कि वहाँ मौजूद था, उसका कहना है कि वह पास ही काम कर रहा था और अचानक एक ज़ोर की आवाज़ सुनाई दी। उन्होंने पुल के एक हिस्से को टूटते देखा।
कोलकाता के भीड़भाड़ वाले इलाकों में शामिल अलीपुर में डायमंड हार्बर रोड पर स्थित यह 50 साल पुराना पुल शहर को 24 परगना जिले से जोड़ता है। गौरतलब है कि फ्लाईओवर का एक हिस्सा पुल के नीचे बहने वाली नहर पर गिर गया। हादसे की ख़बर मिलते ही फायर ब्रिगेड, सुरक्षाकर्मियों और NDRF की पांच टीमें मौके पर पहुंच गई और राहत व बचाव का कार्य शुरु किया। एनडीटीवी की एक रिर्पोट के अनुसार 2017 में जादवपुर यूनिवर्सिटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने 50 साल पुराने इस पुल की मरम्मत का सुझाव दिया था।
अभी भी मलबे में लोगों व गाड़ियों के फंसे होने की संभावना जताई जा रही है। राज्य सरकार ने हादसे में मतृक व्यक्ति के परिवार को 5 लाख का मुआवजा और घायल लोगों को 50-50 हज़ार का मुआवजा देने की घोषणा की है। घायलों का इलाज़ आर्मी फील्ड हॉस्पिटल में किया जा रहा है। हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी ने कहा कि अभी घटना स्थल पर बचाव कार्य करना और लोगों को सुरक्षित निकालना सबसे जरुरी है। उन्होंने कहा की हालांकि उत्तर बंगाल से आने वालों के लिए अब कोई दूसरा रास्ता नहीं है लेकिन उनकी प्राथमिकता सभी को सुरक्षित बाहर निकालना है।