केरल नन रेप केस: चश्मदीद गवाह फादर कुरियकोस कट्टुथारा की संदिग्ध हालत में मौत
फादर कुरियकोस नन रेप केस के आरोपी बिशप फ्रैंको मुलक्कल के ख़िलाफ़ ग़वाह थे।
केरल में नन रेप केस के चश्मदीद गवाह फादर कुरियकोस कट्टुथारा को मृत पाया गया है। फादर कुरियकोस बिशप फ्रैंको मुलक्कल के ख़िलाफ़ ग़वाह थे। सोमवार की सुबह उनके निवास स्थान संत पॉल चर्च, जालंधर में उनकी लाश मिली। वे 62 साल के थे। उनके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं।
प्रभात ख़बर की ख़बर के मुताबिक डीएसपी ने बताया है कि कुरियकोस के बिस्तर पर ख़ून की उल्टी किए जाने के निशान पाए गए हैं। इसके साथ ही उनके घर पर ब्लड प्रेशर की कुछ दवाईयां पाई गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कहा जा रहा है कि उन्हें किसी तरह की पुलिस सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई थी।
Kerala nun rape case: Father Kuriakose Kattuthara, a key witness in the rape case against Bishop Franco Mulakkal, found dead in Punjab's Jalandhar today. More details awaited. pic.twitter.com/GiwVagmSkJ
— ANI (@ANI) October 22, 2018
ग़ौरतलब है कि नन के साथ बलात्कार के आरोप में गिरफ़्तार बिशप फ्रैंको मलक्कल को अदालत ने बीते 15 अक्टूबर को सशर्त ज़मानत दे दी थी। इसके साथ ही कोर्ट ने कहा था कि फ्रैंको मलक्कल जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने के अलावा केरल में प्रवेश नहीं कर सकते। अदालत ने बिशप फ्रैंको से अपना पासपोर्ट जमा कराने की बात भी कही थी।
इसी साल जून महीने में एक नन ने कोट्टयम पुलिस के पास शिकायत दर्ज़ कराई थी कि बिशप फ्रैंको ने साल 2014 में उनका बलात्कार किया था। हालांकि, बिशप फ्रैंको इन आरोपों को निराधार बताते रहे हैं।