मातृभूमि-निल्सन सर्वे: केरल के 57 प्रतिशत लोगों ने माना- बहुत ख़राब रहा है मोदी सरकार का प्रदर्शन
इस सर्वे में मात्र 24 प्रतिशत लोगों ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का प्रदर्शन बहुत ख़राब माना है.
हाल ही में कराए गए एक सर्वे ने मोदी सरकार के योजनाओं की पोल खोल दी है. मातृभूमि न्यूज़ और रिसर्च एजेंसी एसी निल्सन द्वारा कराए गए सर्वे में केरल के 57 प्रतिशत लोगों ने माना है कि मोदी सरकार के पिछले पांच साल के कार्यकाल का प्रदर्शन बहुत ख़राब रहा है.
इस सर्वे में शामिल 23 प्रतिशत लोगों ने मोदी सरकार के काम को बहुत अच्छा माना और पांच प्रतिशत लोगों का मानना था कि मोदी सरकार का प्रदर्शन औसत रहा है.
57 प्रतिशत लोगों का मानना है कि केंद्र के तौर पर मोदी सरकार का प्रदर्शन बहुत निराशाजनक रहा है. सर्वे में शामिल 14 प्रतिशत लोगों ने माना कि मोदी सरकार का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है. जबकि 6 प्रतिशत लोगों ने इसे औसत और 8 प्रतिशत लोगों ने इसे निराशाजनक माना है.
केरल के मुख्यमंत्री का प्रदर्शन
सर्वे में शामिल 32 प्रतिशत लोगों ने माना कि मुख्यमंत्री के तौर पर पिनराई विजयन का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है. करीब 24 प्रतिशत लोगों ने उनके प्रदर्शन को बहुत ही ख़राब और 8 प्रतिशत लोगों ने उनके प्रदर्शन को बुरा माना है. करीब 21 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उनका प्रदर्शन औसत रहा है.
31 प्रतिशत लोगों का मानना है कि केरल की लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट की सरकार का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक 17 प्रतिशत लोगों का कहना है कि केरल सरकार का प्रदर्शन औसत रहा है.
करीब 13 प्रतिशत लोगों ने राज्य सरकार के प्रदर्शन को अच्छा माना है, जबकि 16 प्रतिशत लोगों का मानना था कि केरल सरकार का प्रदर्शन ख़राब रहा है. 22 प्रतिशत मतदाताओं का कहना है कि केरल की सरकार का प्रदर्शन बहुत ही ख़राब रहा है.
यह सर्वे हाल ही में कराया गया है. केरल के वायनाड से राहुल गांधी की उम्मीदवारी तय होने के बाद यह सर्वे आयोजित किया गया था.
इसे भी पढ़ें- मोदी राज में लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था, आयकर में 50 हजार करोड़ की गिरावट दर्ज