कर्नाटक उपचुनाव: रामनगर से भाजपा प्रत्याशी ने नामांकन वापस लिया, कहा- कांग्रेस को दूंगा समर्थन
चंद्रशेखर ने अब कांग्रेस जेडीएस उम्मीदवार को समर्थन देने का फ़ैसला किया है.
कर्नाटक उपचुनाव के क़रीब आते ही भाजपा और कांग्रेस के बीच का रस्साकशी ज़ोर पकड़ने लगा है. विधानसभा उपचुनाव में रामनगर से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार एल चंद्रशेखर ने अपना नामांकन वापस ले लिया है.
न्यूज़18 के मुताबिक़ चंद्रशेखर ने अपने इस फ़ैसले पर कहा है, ‘भाजपा का कोई नेता मेरे लिए प्रचार करना ज़रूरी नहीं समझता है और मुझे ऐसा महसूस होने लगा था कि इस चुनावी जंग में मुझे एक बलि का बकरा बनाया जा रहा है.’
उन्होंने आगे कहा कि वे रामनगर से लड़ रहे कांग्रेस-जेडीएस के उम्मीदवार को अपना समर्थन देंगे. ज्ञात हो कि 3 नवम्बर से कर्नाटक के बल्लारी, मंड्या और शिवमोग्गा लोकसभा क्षेत्रों में तथा रामनगर और जामाखंडी विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं.