जेएनयू विवाद: चार्जशीट दायर करने में नियमों की अनदेखी को लेकर दिल्ली सरकार ने क़ानून सचिव को लगाई फ़टकार
दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर देश विरोधी नारेबाजी को लेकर कन्हैया कुमार समेत 10 लोगों के ख़िलाफ़ चार्जशीट दाखिल की थी.
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार व अन्य छात्रों के ऊपर कथित तौर पर देशविरोधी नारेबाजी मामले में चार्जशीट दायर करने को लेकर दिल्ली सरकार के कानून मंत्री कैलाश गहलोत ने कानून सचिव को फटकार लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
न्यूज़ प्लेटफॉर्म की ख़बर के अनुसार दिल्ली सरकार के कानून मंत्री कैलाश गहलोत ने कानून सचिव से सवाल किया है कि चार्जशीट की फ़ाइल उन्हें दिखाए बिना गृह सचिव के पास कैसे भेजी गई?
ग़ौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट दायर करने को लेकर कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया था. बीते 19 जनवरी को पटियाला हाउस कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को नियमों का उल्लघंन करने के लिए फटकार भी लगाई थी. कोर्ट ने पुलिस से पूछा था कि कन्हैया कुमार समेत अन्य लोगों के ख़िलाफ़ चार्जशीट दायर करने से पहले कानूनी इज़ाज़त क्यों नहीं ली गई.
दरअसल, चार्जशीट दायर करने से पहले पुलिस को दिल्ली सरकार के कानून विभाग से इज़ाज़त लेनी होती है.