नितिन गडकरी का जगा माल्या प्यार, कहा- माल्या जी को चोर कहना ग़लत है
गडकरी ने कहा कि हर करोबार में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं. लेकिन जो व्यक्ति समस्याएं झेल रहा है. उसका समर्थन किया जाना चाहिए.
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का माल्या प्यार जाग गया है. उन्होंने भगोड़े विजय माल्या को जी शब्द से संबोधित करते हुए कहा कि माल्या जी को चोर कहना गलत है.
गुरुवार को मीडिया द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए गडकरी ने कहा कि एक बार कर्ज़ न चुका पाने वाले विजय माल्या जी को चोर कहना अनुचित है. उन्होंने कहा कि 40 साल तक माल्या नियमित ब्याज का भुगतान किया था. 40 साल बाद जब वह एविएशन में गया तो वह एकदम से चोर हो गया? जो पचास साल से ब्याज भरता आया है वो ठीक है लेकिन एक बार डिफॉल्ट हो गया तो वह तुरंत फ्रॉड हो गया. यह मानसिकता ठीक नहीं है.
ज़ी न्यूज़ की ख़बर के मुताबिक उन्होंने कहा कि वह जिस क़र्ज़ के बारे में बात कर रहे हैं वह महाराष्ट्र सरकार की इकाई सिकॉम द्वारा 40 साल पहले माल्या को दिया गया था. इस क़र्ज़ का ब्याज माल्या ने बिना रूके समय पर चुकाया था. हर कारोबार में जोखिम होता है, उतार-चढ़ाव आते रहते हैं. लेकिन जो व्यक्ति समस्याएं झेल रहा है. उसका समर्थन किया जाना चाहिए. हालांकि गडकरी ने यह भी स्पष्ट किया कि माल्या और उनके बीच कोई कारोबारी लेनदेन नहीं हैं.
गडकरी ने कहा कि अगर नीरव मोदी या विजय माल्या जी ने वित्तीय धोखाधड़ी की है तो उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए, लेकिन यदि कोई परेशानी में आता है तो हम उसे धोखेबाज को लेबल दे देते हैं. तो हमारी अर्थव्यवस्था प्रगति नहीं कर सकती.
ज्ञात हो कि ब्रिटेन की एक अदालत ने माल्या को भारत को सौंपने का आदेश दिया है. माल्या पर कथित तौर पर 9,000 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी और मनी लांड्रिग का आरोप है.