देश के पास नहीं है पोलियो खुराक के पैसे, स्थगित हुआ टीकाकरण अभियान, यह किस तरह के अच्छे दिन?
सरकार पैसे की कमी और लंबे समय तक परीक्षण प्रक्रियाओं के कारण पोलियो वैक्सीन (ओपीवी और आईपीवी) की कमी से जूझ रही है.
मोदी सरकार में भारत की अर्थव्यवस्था की हालत इतनी पतली हो गई है कि अब देश के पास पोलियो की खुराक भी उपलब्ध नहीं है. इसका कारण फंड में कटौती बताई गई है. इसे देखते हुए सरकार ने आगामी 3 फ़रवरी को प्रस्तावित पोलियो टीकाकरण को स्थगित कर दिया है.
द प्रिंट के मुताबिक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बिहार, मध्य प्रदेश और केरल को छोड़कर सभी राज्यों को सूचित किया है कि 3 फरवरी को आयोजित होने वाला राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है. नई तारीख अभी नहीं बताई गई है.
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (NID) के दिन बड़े पैमाने पर इस अभियान का आयोजन किया जाता है. इसमें पोलियो उन्मूलन के उद्देश्य से पांच साल से कम उम्र के बच्चों को ओरल पोलियोवायरस वैक्सीन (OPV) की खुराक दी जाती है. NID को विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से साल में दो बार आयोजित किया जाता है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के तीन वरिष्ठ अधिकारियों ने ‘द प्रिंट’ को इस बात की पुष्टि की कि मंत्रालय पोलियो वैक्सीन की कमी को समाप्त करने की कोशिश कर रहा है. मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि वह मार्च तक पर्याप्त पोलियो वैक्सीन प्राप्त करने और मई तक आईपीवी प्राप्त करने की उम्मीद करता है.
बता दें कि सरकार पैसे की कमी और लंबे समय तक परीक्षण प्रक्रियाओं के कारण पोलियो वैक्सीन (ओपीवी और आईपीवी) की कमी से जूझ रही है.
गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में गाजियाबाद स्थित वैक्सीन निर्माता बायो-मेड के लाइसेंस को सरकार द्वारा रद्द करने के बाद से पोलियो वैक्सीन की कमी चल रही है. बता दें कि कि इस समय केवल दो फर्म भारत बायोटेक और पनासिया बायोटेक ही वैक्सीन बनाती है.
IPV भारत की पोलियो मुक्त स्थिति को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है, जो आज स्टॉक-आउट होने की कगार पर है. सरकार को आईपीवी खरीदने के लिए बजट की कमी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि इसकी कीमतों में 100 फीसदी से अधिक का उछाल आया है.
कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने इसे लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि सरकार ने पोलियो टीकाकरण की अनदेखी करते हुए फंड की कटौती की है, जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है.