‘द क्विंट’ के मालिक राघव बहल के घर और ऑफिस में छापेमारी
राघव ने कहा कि हम पूरी तरह टैक्स भरते हैं और इनकम टैक्स अधिकारियों को सभी फाइनेंनसियल दस्तावेज दिखाए जाएंगें।’
गुरुवार सुबह मीडिया कंपनी क्विंट के मालिक राघव बहल के घर, द क्विंट और द न्यूज़ मिनट के दफ्तर में आयकर विभाग ने छापेमारी की है। कहा जा रहा है कि टैक्स चोरी मामले में यह छापेमारी की गई है।
फ़र्स्टपोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार आयकर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिस मामले की जांच की जा रही है उससे जुड़े दस्तावेजों और अन्य सबूतों की तलाशी भी की जा रही है।
इस मामले में राघव बहल ने कहा, ‘मैं मुंबई में था तब इनकम टैक्स अधिकारी मेरे घर और क्विंट के ऑफिस में जांच के लिए पहुंचे थे। राघव ने आगे कहा हम पूरी तरह टैक्स भरते हैं और इनकम टैक्स अधिकारियों को सभी फाइनेंनसियल दस्तावेज दिखाए जाएंगें।’
राघव ने कहा ऑफिस में फोन करके इस बात की भी हिदायत दी गई है कि पत्रकारिता से जुड़े किसी भी संवेदनशील मुद्दे के बारे में किसी को कोई जानकारी या मेल की जानकारी न दी जाए। यदि इनकम टैक्स अधिकारी मीडिया से जुड़ी किसी चीज को लेकर ऑफिस कर्मियों के साथ कोई जबर्दस्ती करते हैं तो उसके ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज की जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि अधिकारी ऑफिस में किसी भी चीज की तस्वीर लेने के लिए स्मार्टफोन का इस्तेमाल नहीं करें। मैं जल्द ही दिल्ली लौटूंगा। उन्होंने कहा कि एडिटर्स गिल्ड से अपील की है और जल्द ही इजी की ओर से कोई ठोस कार्रवाई की जाएगी।