श्री श्री रविशंकर के लेक्चर पर IIT बीएचयू में बवाल, छात्रों ने कहा- गैर-तार्किक और अवैज्ञानिक लोगों को व्याख्यान के लिए बुलाना शर्म की बात
छात्रों ने विरोध पर्चे में हाल के आयोजनों को लेकर भी सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि “पहले भी जिन लोगों को व्याख्यान के लिए बुलाया गया, वो आरएसएस और बीजेपी से जुड़े लोग हैं.”
‘आर्ट ऑफ़ लिविंग’ के संस्थापक और अध्यात्मिक गुरु से ज़्यादा व्यापारी श्री श्री रविशंकर को आईआईटी बीएचयू में अपने संबोधन से पहले ही विरोध का सामना करना पड़ा.
छात्रों ने पर्चा निकालकर प्रशासन द्वारा आयोजित इस व्याख्यान पर विरोध जताया. छात्रों का कहना है कि एक तकनीकी संस्थान में गैर तार्किक और गैरवैज्ञानिक व्यक्ति को लेकर लेक्चर बुलाना शर्म की बात है.

अपने विरोध पर्चे में छात्रों ने लिखा कि “श्री श्री रविशंकर के कई बयान अंधविश्वास को बढ़ावा देता है. उन्होंने आत्महत्या कर रहे किसानों के लिए उनमें आध्यात्मिक कमी को जिम्मेदार ठहराया था. यही नहीं वो चाहते हैं कि सरकार द्वारा कोई भी स्कूल चलाया जाए. वो हमेशा निजीकरण के पक्ष में रहे हैं.”

छात्रों ने विरोध पर्चे में हाल के आयोजनों को लेकर भी सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि “पहले भी जिन लोगों को व्याख्यान के लिए बुलाया गया, वो आरएसएस और बीजेपी से जुड़े लोग हैं. योगी आदित्यनाथ, स्मृति ईरानी, प्रणव मुखर्जी और रजत शर्मा जैसे लोगों को बुलाया गया. तकनीकी संस्थान में गैरवैज्ञानिक व्यक्ति को बुलाना शर्म की बात है.”