हेमंत करकरे को लेकर साध्वी के आपत्तिजनक बयान पर IAS-IPS हुए एकजुट, कहा- हेमंत करकरे शहीद हैं और हम उन्हें सलाम करते हैं
मालेगांव बम धमाके की मुख्य आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने हेमंत करकरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि वो अपने कर्मों की वजह से मरे हैं.
भाजपा नेता साध्वी प्रज्ञा द्वारा दिवंगत पुलिस अधिकारी हेमंत करकरे को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान की निंदा को लेकर आईपीएस एसोसिएशन को आईएएस अधिकारियों का साथ मिला है.
आईएएस एसोसिएशन के तरफ़ जारी एक बयान में कहा गया है कि हम अपने IPS सहयोगियों के साथ खड़े हैं. हेमंत करकरे शहीद हैं और हम उन्हें सलाम करते हैं.
We stand by our IPS colleagues. Hemant Karkare is a martyr and we salute him. https://t.co/eTXNUM2245
— IAS Association (@IASassociation) April 20, 2019
दरअसल, भोपाल सीट से भाजपा उम्मीदवार और मालेगांव बम धमाके की मुख्य आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने मुंबई 26/11 हमले में शहीद हुए तत्कालीन एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि वो अपने कर्मों की वजह से मरे हैं.
साध्वी प्रज्ञा आगे मीडिया से कहा, “उन्होंने (हेमंत करकरे) ने मुझे ग़लत तरीके से फंसाया, मैंने उन्हें बताया था कि तुम्हारा पूरा वंश ख़त्म हो जाएगा, वो अपने कर्मों की वजह से मरे हैं.”
बाद में सोशल मीडिया पर इस बयान की काफ़ी आलोचना हुई. आईपीएस एसोसिएशन ने ट्विटर पर लिखा है, “अशोक चक्र हासिल करने वाले दिवंगत पुलिसकर्मी हेमंत करकरे ने आतंकवादियों से लड़ते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था. हम सभी पुलिस कर्मी एक नेता द्वारा उनके बलिदान का अपमान करने वाले बयान की निंदा करते हैं.”
बता दें कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले में हेमंत करकरे की जान चली गई थी. इसके बाद उन्हें मरणोपरांत अशोक चक्र दिया गया. हेमंत करकरे 2008 में मालेगांव में हुए बम ब्लास्ट की जांच में भी शामिल थे. बम ब्लास्ट केस में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर जेल में बंद थी. हाल ही में उसे स्वास्थ्य कारणों के मद्देनजर जमानत मिली है.
इसे भी पढ़ें- हेमंत करकरे ने दिया था सर्वोच्च बलिदान, उनका सम्मान करें: IPS एसोसिएशन ने BJP नेता साध्वी प्रज्ञा को लताड़ा