May a good source be with you.

AN-32 विमान में सवार सभी 13 लोगों की मौत, भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर दी जानकारी

AN-32 विमान असम के जोरहाट से 3 जून को चीन की सीमा के निकट मेंचुका एडवांस्ड लैंडिग ग्राउंड जा रहा था.

भारतीय वायुसेना का लापता विमान AN-32 में सवार सभी 13 लोगों  की मौत हो गई है. भारतीय वायुसेना ने गुरुवार को ट्वीट कर इस ख़बर की पुष्टि की है.

वायुसेना ने ट्विट कर कहा, “बचाव दल के सदस्यों की टीम क्रैश साइट पर पहुंची है लेकिन वहां उन्हें कोई जीवित व्यक्ति नहीं मिला. विमान में सवार सभी 13 लोगों  के परिजनों को उनकी मौत की  सूचना दे  दी गई है.”

वायुसेना ने ट्विट कर विमान क्रैश में जान गंवाने वाले कर्मियों के नामों का उल्लेख किया है. जिसमें जी.एम. चार्ल्स, एच. विनोद, आर. थापा, ए. तंवर, एस. मोहन्ती, एम.के. गर्ग, के.के. मिश्रा, अनूप कुमार, शेरिन, एस.के. सिंह, पंकज, पुताली और राजेश कुमार शामिल हैं. वायुसेना ने एएन-32 विमान के क्रैश में जान गंवाने वाले बहादुर वायुयोद्धाओं को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारों के साथ होने का आश्वासन दिया है.

एनडीटीवी की ख़बर के अनुसार अरूणाचल प्रदेश के सियांग और शी योमी ज़िलों की सीमा पर स्थित गट्टे गांव के पास वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने बीते मंगलवार को AN-32 विमान का मलबा पहाड़ी इलाके के घने जंगल में देखा था.

ग़ौरतलब है कि AN-32 विमान असम के जोरहाट से 3 जून को चीन की सीमा के निकट मेंचुका एडवांस्ड लैंडिग ग्राउंड जा रहा था. जिसमें कुल 13 लोग सवार थे. विमान के उड़ान भरने के 33 मिनट बाद ही दोपहर 1 बजे उससे संपर्क टूट गया.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+