केरल: बाढ़ से धान, केले, मसालों की फसल को भारी नुकसान
बाढ़ से 20,000 हेक्टेयर में धान और 2,000 हेक्टेयर में इलायची जैसे मसालों की फसल प्रभावित हुई है
केरल की बाढ़ से 45,000 हेक्टेयर कृषि भूमि पर धान, केला, मसाले और अन्य फसलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कृषि सचिव शोभना के. पटनायक ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में करीब 45,000 हेक्टेयर में कृषि फसल खराब हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक फसलों से ज्यादा राज्य में मकानों और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। राज्य सरकार को इस बारे में केंद्र से कोष के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव देने को कहा गया है ताकि किसानों को राहत दी जा सके।
उन्होंने बताया कि गन्ने की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचने के साथ ही 20,000 हेक्टेयर में धान और 2,000 हेक्टेयर में इलायची जैसे मसालों की फसल प्रभावित हुई है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार केरल में पिछले सप्ताह तक धान की बुवाई 57,000 हेक्टेयर में हुई थी, जो एक साल की समान अवधि के 62,000 हेक्टेयर से कम है।