महिलाएं विधवा हो गई, परिवार अपने बेटे खो चुके हैं, लेकिन भाजपा नेता इस पर राजनीति कर रहे हैं: एचडी कुमारस्वामी
कुमारस्वामी ने कहा कि युद्ध इंदिरा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के समय में भी हुआ है, लेकिन किसी ने भी इस पर राजनीति नहीं की.
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए सैनिकों की मौत पर राजनीति करने का आरोप लगाया है. कुमारस्वामी ने कहा है कि सिर्फ कर्नाटक के भाजपा अध्यक्ष बी एस येदुरप्पा ही नहीं, बल्कि मोदी के नेतृत्व वाली पूरी केंद्र सरकार जवानों की मौत पर राजनीति कर रही है.
डेक्कन हेराल्ड के मुताबिक एचडी कुमारस्वामी ने गुरुवार को जलमृत कार्यक्रम के शुभारंभ के मौके पर कहा कि, “महिलाएं विधवा हो गयी हैं, कई परिवारों ने अपना बेटा खो दिया है. लेकिन, भाजपा नेता इसपर राजनीति कर रहे हैं. यह दिखाता है कि वे कितने बेशर्म हैं”
कुमारस्वामी ने कहा कि युद्ध इंदिरा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के समय में भी हुआ है, लेकिन किसी ने भी इस पर राजनीति नहीं की. उस वक्त सैनिकों ने बमबारी की और वापस आए, तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी, पटाखे फोड़े जैसे कि भाजपा ने उन्हें युद्ध के लिए निर्देश दिया हो और इसे जीत लिया गया.
ग़ौरतलब है कि कर्नाटक के भाजपा अध्यक्ष बी. एस. येदुरप्पा ने बयान दिया था कि जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठन पर एयर स्ट्राइक करने के बाद देश में मोदी लहर है. इस एयर स्ट्राइक के बाद भाजपा प्रदेश में 28 में से 22 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब होगी.