सबका विकास: ‘ये कैसे प्रधानमंत्री, जिसकी वज़ह से हमारे घर उजाड़े जा रहे हैं’: PM मोदी की रैली ने सैकड़ों ग़रीबों को किया बेघर
लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा, “झुग्गी खाली करने को लेकर हमें पहले नोटिस या कोई जानकारी नहीं दी गई.”
‘यह कैसा प्रधानमंत्री, जिसकी वजह से हमारे घर उजाड़े जा रहे हैं, प्रधानमंत्री तो देश की जनता के हितों की रक्षा करता है.’ इन गरीबों का दर्द उस वक्त छलक पड़ा जब पीएम मोदी की रैली के लिए प्रशासन ने जबरदस्ती इनके आसियाने उजाड़ा दिए.
हरियाणा के फतेहाबाद के हुड्डा सेक्टर में 8 मई को प्रधानमंत्री मोदी की रैली का आयोजन होना है. रैली की तैयारियों में जुटे ज़िला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए रैली स्थल के पास में बनी झुग्गियों को जबरदस्ती हटवा दिया है.
दैनिक सवेरा की ख़बर के मुताबिक प्रशासन पर आरोप लगाते हुए लोगों ने कहा, “झुग्गी खाली करने को लेकर हमें पहले कोई नोटिस या कोई जानकारी नहीं दी गई.” झुग्गी वासियों ने अपना वोटर कार्ड दिखाकर सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया.

ख़बर के मुताबिक लोगों का कहना है, “पीएम तो देश की आम जनता के हितों की रक्षा करने के साथ उनको सुविधाएं उपलब्ध करवाने का काम करते हैं. लेकिन, यहां पीएम की जनसभा के लिए हम ग़रीबों को ही उजाड़ा जा रहा है.”
दैनिक सवेरा से बातचीत करते हुए सरकार से आक्रोशित झुग्गी वासियों ने कहा, “हम पिछले 15 साल से दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर हैं. आज तक किसी भी सरकार ने हमारी कोई ख़बर नहीं ली. हम अपने स्तर पर झुग्गी-झोपड़ी बनाकर जीवन जी रहे हैं और आज इसे उज़ाड़ दिया है.”
इस मामले पर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कंबोज ने बताया, “ पीएम मोदी की रैली के कारण सुरक्षा के लिहाज़ से इन लोगों को झुग्गी-झोपड़ी हटाने को कहा गया है. 8 मई के बाद ये लोग फिर से यहां अपनी झुग्गियां लगा सकते हैं.”
बता दें कि जब इस मामले पर दैनिक सवेरा ने भाजपा के ज़िलाध्यक्ष वेद फुलां से बात करने की कोशिक की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया. वहीं भाजपा ज़िला उपाध्यक्ष गुलशन हंस ने इस मामले में कोई जानकारी न होनी की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया.