हरियाणा के किसानों का लोन नहीं होगा माफ़, CM खट्टर ने कहा- ऐसी कोई योजना हमारे पास नहीं
खट्टर ने कहा है कि अभी किसान कर्ज़ माफी को लेकर कोई प्लान नहीं है और हमारा ऐसा कोई विचार भी नहीं है.
मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार द्वारा कर्ज़माफ़ी का ऐलान करने के बाद दूसरे राज्य के किसानों को उम्मीद थी कि वहां की राज्य सरकारें भी लोन माफ़ कर देगी. लेकिन, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने साफ तौर पर कहा है कि वे अपने प्रदेश में किसानों का कर्ज़ माफ़ नहीं करेंगे.
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कर्जमाफ़ी पर अपना बचाव करने के लिए कहा है कि उनकी सरकार किसानों को अपने पैरों पर खड़ा करना चाहती है, इसलिए कर्ज़माफ़ी नहीं करेगी.
इनाडु इंडिया की ख़बर के अनुसार फरीदाबाद में भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन कार्यक्रम में पहुंचे मनोहर लाल खट्टर ने किसान कर्ज़ माफी के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि हमारा ऐसा कोई विचार नहीं है और न ही अभी कर्ज़ माफी को लेकर कोई प्लान है.
मुख्यमंत्री खट्टर ने आगे कहा कि कई सरकारें ऐसे फैसले करती रहती हैं लेकिन हम ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि हम किसानों को अपने पैरों पर खड़ा करने में विश्वास रखते हैं. जिसके लिए राज्य और केंद्र सरकार ने कई योजनाएं भी लागू की हैं.