May a good source be with you.

गुजरात: चुनावी मौसम में उमिया धाम की आधारशिला रखेंगे PM मोदी, हार्दिक पटेल ने जताया विरोध

हार्दिक पटेल ने कहा कि भाजपा धार्मिक आयोजन को चुनावी सभा में बदल रही है.

पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने आगामी 4 मार्च को उमिया धाम परिसर की आधारशिला रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किए जाने पर आपत्ति जताई है. उन्होंने इस धार्मिक समारोह को भाजपा की चुनावी सभा में बदलने जाने को शर्मनाक बताया है.

इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के अनुसार विश्व उमिया फाउंडेशन (वीयूएफ) को लिखे एक पत्र में हार्दिक पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर इस आयोजन में कोई अप्रिय घटना हुई तो उसके लिए आयोजक जिम्मेदार होंगे.

हार्दिक पटेल ने पत्र में कहा कि पाटीदार समुदाय के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया है. कई पाटीदार युवकों की जान चली गई, कई पाटीदार युवकों के ख़िलाफ़ देशद्रोह के मामले दर्ज किए गए और पाटीदार महिलाओं को भी पुलिस ने पीटा. लेकिन, राजनीतिक महत्वाकांक्षा रखने वाले कुछ पाटीदार समुदाय के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित करके कुलदेवी उमिया माता का अपमान किया है, जो बहुत शर्मनाक है.

ग़ौरतलब है कि गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और कांग्रेस नेता सिद्धार्थ पटेल दोनों ही पाटीदार समुदाय से ताल्लुक रखते हैं. हार्दिक पटेल ने कहा कि अगर परिसर की नींव पाटीकर समुदाय के नेता द्वारा रखी जाती तो यह कार्यक्रम प्रासंगिक होता. लेकिन, राजनीतिक महत्वकांक्षा रखने वाले नेताओं ने इस आयोजन के महत्व को भुलाकर पीएम मोदी को आमंत्रित किया है.

हार्दिक पटेल ने प्रश्न किया कि क्या पाटीदार समुदाय के पास नेताओं की कमी है, जो समारोह के लिए दूसरे समुदाय के नेता को आमंत्रित किया गया है. पाटीदार नेता ने आगे कहा कि धार्मिक परिसर की आधारशिला राजनेता के हाथों रखवाना जरूरी नहीं था. यह उन लोगों को हाथों भी करवाया जा सकता है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए बलिदान किया है या फिर 101 ब्राह्मणों द्वारा भी परिसर की नींव रखी जा सकती है.

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी फायदे के लिए उमिया धाम की नींव रख रही है. हार्दिक पटेल ने कहा कि चुनावी फायदे के लिए कुलदेवी का अपमान किया जा रहा है. जिससे पाटीदार युवाओं का गुस्सा स्वाभाविक है और अगर ऐसी परिस्थिति में कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए समुदाय के नेता जिम्मेदार होंगे.

ग़ौरतलब है कि 1,000 करोड़ रुपये की लागत से उमिया माता का एक विशाल मंदिर अहमदाबाद और गांधीनगर के बीच वैष्णो देवी सर्कल के पास बनाया जाना है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+