NSSO रिपोर्ट: साल 2017-18 में पहली बार देश की आधी कार्यशील जनसंख्या बेरोज़गार रही
बीते साल, 15 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के आधे से ज़्यादा लोगों ने देश के आर्थिक योगदान में किसी भी तरीके की मदद नहीं की.
देश की बेरोज़गारी को लेकर NSSO के जारी आंकड़े पहले ही भूचाल मचाये हुए हैं. अब और चौंकाने वाले आंकड़े सामने आये हैं. ऐसा पहली बार हुआ है कि साल 2017-18 में देश की आधी आबादी से ज़्यादा जनसंख्या बेरोज़गार रही हो. NSSO की रिपोर्ट के मुताबिक़ साल 2017-18 में युवा बेरोज़गारी दर 13.6 से 27.2 फीसदी के बीच में रही है.
बिज़नेस स्टैण्डर्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ बीते साल, 15 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के आधे से ज़्यादा लोगों ने देश के आर्थिक योगदान में किसी भी तरीके की मदद नहीं की है.
देश में रोज़गार कर रहे या रोज़गार के लिए उपलब्ध लोगों की हिस्सेदारी बताने वाली ‘श्रम-बल भागीदारी दर’ बीते साल 49.8 फ़ीसदी पर अटकी रही जो कि साल 2011-12 में 55.9 फीसदी थी.
डेढ़ दशक पहले साल 2004-05 में देश की 63.7 फ़ीसदी जनसंख्या का, देश के श्रम-बल में योगदान रहता था. इन आंकड़ों को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि यह बहुत ज़्यादा चिंता की बात है.