दरिंदगी की हदों को पार करता जातिगत भेदभाव – पगड़ी पहनने पर छील दिया गया दलित नेता का सर
गुर्जर समुदाय के कुछ लोगों ने किया चाकू से हमला, हालत गंभीर
मध्यप्रदेश के शिवपुरी में बहुजन समाज पार्टी के दलित कार्यकर्ता सरदार सिंह जाटव पर गुर्जर समुदाय के तीन लोगों ने नीली पगड़ी पहनने को लेकर चाकू से हमला कर दिया। जनसत्ता की रिपोर्ट के अनुसार दलित कार्यकर्ता जाटव को सुरेंद्र गुर्जर ने किसी काम के बहाने घर बुलाया और फिर दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर चाकू से गर्दन पर वार कर दिया।
स्थानीय पुलिस अधिकारी के मुताबिक घायल जाटव की हालत काफी गंभीर है और उनका इलाज ग्वालियर के अस्पताल में चल रहा है।
शिवपुरी बहुजन समाज पार्टी के ज़िलाध्यक्ष दयाशंकर गौतम का दावा है कि पीड़ित पर हमला पगड़ी पहने की वजह से किया गया है। साथ ही उन्होंने पुलिस पर पहले गुर्जर समुदाय के ख़िलाफ़ मामला दर्ज न करने का भी आरोप लगाया। वहीं दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि अभी इस मामले में किसी की गिरफ़्तारी नहीं हुई है लेकिन पुलिस ने आईपीसी और अनुसूचित जनजाति अधिनियम से संबंधित धाराओं में तीनों आरोपियों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है।