May a good source be with you.

वडोदरा: बच्चों की आपसी लड़ाई में भड़की सांप्रदायिक हिंसा, तीन घरों में दंगाइयों ने लगाई आग

गुजरात वडोदरा के आनंद ज़िले के खंभात शहर में बच्चों के बीच की मामूली लड़ाई सांप्रदायिक हिंसा में बदल गयी.

गुजरात वडोदरा के आनंद ज़िले के खंभात शहर में बच्चों के बीच की मामूली लड़ाई सांप्रदायिक हिंसा में बदल गयी. घटना रविवार दोपहर की है. इस हिंसा में एक पुलिसकर्मी के घायल होने के साथ ही दंगाइयों ने एक केबिन और तीन घरों को आग के हवाले कर दिया. वहीं, दोनों समुदायों करीब 30 मीनट तक एक-दूसरे पर पत्थरबाज़ी करते रहे.

ज़िला पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर अकबरपुरा इलाके में पड़ोस के कुछ बच्चे खेल रहे थे. खेल के दौरान ही बच्चों ने मामूली लड़ाई में एक-दूसरे पर पत्थर मारना शुरू कर दिया. इसी दौरान कुछ पत्थर एक परिवार के घर में जा गिरा जो जन्मदिन की पार्टी मनाने में व्यस्त थे. इस मामले को लेकर पड़ोस में रहने वाले दोनों परिवारों के बीच बहस शुरू हुई और इसी बीच क़रीब दोपहर 3:30 बजे दोनों तरफ से पत्थरबाजी होने लगी.

आनंद ज़िले के पुलिस अधिक्षक मकरंद चौहान ने टाइम्स ऑफ़ इंडिया से बातचीत में कहा कि, “इस हिंसा में एक पुलिस जवान को हल्की चोटे आयी. वहीं, हिंसा को काबू में करने के लिए पुलिस टीम ने सात राउंड हवाई फायर करने के साथ ही 17 आंसू गैस के गोले भी छोड़े.”

पुलिस अधिक्षक ने कहा कि, “स्थिती अब पूरी तरह से नियंत्रण में है. यहां के हालात को काबू में रखने के लिए यहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है ताकि कोई भी कानून व्यवस्था को बिगाड़ ना सके.”

टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक़ पुलिस में हिंसा में शामिल दंगाइयों के एक समूह को गिरफ्तार किया है. वहीं, पुलिस अधिक्षक मकरंद चौहान ने कहा कि दोनों समुदाय के दंगाइयों के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज की जाएगी.

ग़ौरतलब है कि खंभात के पुराने इलाके दो दिन पहले डीजे बजाने को लेकर हुए झगड़े में दो गुट आपस में भिड़ गये थे. इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ़्तार कर क्षेत्र में हिंसा भड़काने के लिए शिकायत दर्ज की. यह इलाका भी अकबरपुरा के आसपास का ही क्षेत्र है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+